राधेश्याम सिंह / वसई
बकरीद को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बकरीद के मद्देनजर अवैध पशु परिवहन, गैरकानूनी गतिविधियों और कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
जोन-३ क्षेत्र में पुलिस ने व्यापक स्तर पर सुरक्षा अभियान शुरू करते हुए १० प्रमुख स्थानों पर विशेष चेक पोस्ट स्थापित किए हैं। इन चेक पोस्ट पर दिन-रात पुलिस अधिकारी और जवान तैनात हैं, जो हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच कर रहे हैं। सहायक पुलिस आयुक्त जायभाये ने बताया कि अब तक इस विशेष अभियान के तहत १६ कार्रवाई की जा चुकी हैं। इसके अलावा पुराने और आदतन अपराधियों पर भी प्रिवेंटिव एक्शन लिया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
पुलिस प्रशासन ने अवैध स्लॉटर हाउस चलाने वालों को भी कड़ी चेतावनी दी है। प्रशासन का कहना है कि महानगरपालिका से अधिकृत स्थानों के अलावा कहीं भी गैरकानूनी तरीके से पशु वध करते पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करते हुए प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ बकरीद मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बकरीद के मद्देनजर मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। जोन-३ में १० विशेष चेक पोस्ट बनाकर २४ घंटे वाहनों की जांच की जा रही है। अब तक १६ कार्रवाई की जा चुकी हैं। अवैध पशु परिवहन और गैरकानूनी स्लॉटर हाउस चलाने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से शांति, भाईचारे और कानून का पालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की है।
