मुख्यपृष्ठनए समाचारनासिक में प्याज संग्राम!..किसानों ने किया हाईवे जाम... मविआ नेता भी समर्थन...

नासिक में प्याज संग्राम!..किसानों ने किया हाईवे जाम… मविआ नेता भी समर्थन में आए साथ

सुनील ओसवाल / नासिक

महाराष्ट्र के नासिक जिले में प्याज को लेकर किसानों का गुस्सा मंगलवार को सड़क पर फूट पड़ा। चांदवड में हजारों किसानों ने मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतरकर जोरदार आंदोलन किया। सड़क पर प्याज फेंका गया, टायर जलाए गए और सरकार विरोधी नारेबाजी की गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रोहित पवार और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को हिरासत में ले लिया।
घोषित दर पर प्याज खरीदी का आंकड़ा बताओ
किसानों की मांग है कि सरकार प्याज का खरीद भाव बढ़ाकर कम से कम २४ रुपए प्रति किलो करे और पहले से बेचे गए प्याज पर अनुदान दे। आंदोलन के दौरान रोहित पवार ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों के दबाव में प्याज खरीद दर बढ़ाने की घोषणा तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर खरीद नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले लासलगांव में हुए आंदोलन के बाद सरकार ने खरीद दर १,२३५ रुपये से बढ़ाकर १,५८० रुपए प्रति क्विंटल की, लेकिन इससे किसानों को कोई राहत नहीं मिलेगी। रोहित पवार ने कहा कि उत्पादन लागत १८ से १९ रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। ऐसे में १२-१५ रुपए का भाव देकर सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है।
किसानों ने सड़क पर फेंका प्याज
आंदोलन के दौरान किसानों ने सड़क पर प्याज फेंककर विरोध जताया। कई नेताओं ने गले में प्याज की माला पहनकर प्रदर्शन किया, जबकि कुछ नेता बैलगाड़ी से आंदोलन स्थल पहुंचे।
तेज हो सकता है आंदोलन
नासिक में प्याज को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता दिख रहा है। किसान संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द पैâसला नहीं लिया तो आंदोलन पूरे महाराष्ट्र में पैâलाया जाएगा।
आंदोलन को मिला विपक्षी दलों का समर्थन
इस आंदोलन में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस, शिवसेना और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता शामिल हुए। शिवसेना नेता अंबादास दानवे ने कहा कि सरकार केवल कागजों में खरीद दिखा रही है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि सरकार बताए कि घोषित दर पर कितने किसानों का प्याज खरीदा गया। पूर्व मंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही।

अन्य समाचार