मुख्यपृष्ठसमाचारमौत की लहरों से जिंदगी छीन लाए जांबाज: जवानों और गोताखोरों ने...

मौत की लहरों से जिंदगी छीन लाए जांबाज: जवानों और गोताखोरों ने डूबते लोगों को बचाया

राजेश सरकार / प्रयागराज

नए यमुना पुल पर बुधवार तड़के आत्महत्या के इरादे से गहरी नदी में कूदे दो लोगों को पीएसी के जांबाज जवानों और साहसी गोताखोरों ने मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जवानों की तत्परता और गोताखोरों की बहादुरी से दोनों की जान बच गई। दोनों को तत्काल एंबुलेंस से स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
पहली घटना में बलुआ घाट, थाना अतरसुइया निवासी विष्णु निषाद ने नए यमुना पुल से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पीएसी जवानों और गोताखोरों ने बिना समय गंवाए गहरे पानी में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इलाज के बाद परिजन उसे अपने साथ घर ले गए।
इसी दौरान दूसरी घटना में करेलाबाग निवासी एक महिला ने भी पुल से यमुना में छलांग लगा दी। एक बार फिर जांबाज जवानों और गोताखोरों ने जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे भी तत्काल स्वरूप रानी अस्पताल भेजा गया।
परिजनों के मुताबिक, महिला मानसिक तनाव और बीमारी से परेशान चल रही थी। दोनों घटनाओं में पीएसी जवानों और गोताखोरों की मुस्तैदी, साहस और मानवता ने दो परिवारों को उजड़ने से बचा लिया।

अन्य समाचार