मुख्यपृष्ठसमाचारबिजली संकट पर गरमाए ‘संडा’, उतरे सड़क पर... किया महकमे को ‘डंडा’!

बिजली संकट पर गरमाए ‘संडा’, उतरे सड़क पर… किया महकमे को ‘डंडा’!

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

-प्रदर्शन और ज्ञापन
-व्यवस्था सुधार के लिये दिया दस दिन का अल्टीमेटम

यूपी के सुल्तानपुर शहर में बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनूप संडा बुधवार को गरमा गए। शहर सीट के पार्टी कार्यकर्ताओं व सहयोगी नेताओं को साथ लेकर वे सड़क पर उतर आए। सपाइयों ने हेड पोस्ट ऑफिस स्थित बिजली उपकेंद्र व अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। अल्टीमेटम दिया कि दस दिन में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधार दें अफसर, अन्यथा खैर नहीं।
सनद रहे कि सुल्तानपुर नगर सीट का अनूप संडा यूपी विधानसभा में दो बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और बीते विधानसभा चुनाव में विजेता प्रत्याशी से मात्र डेढ़ हजार वोटों से पीछे रहकर रनरअप रहे थे। आगामी चुनाव में सपा के टिकट को लेकर उनका दावा बरकरार है और वे खुलकर ताल ठोंक रहे हैं।
पूर्व विधायक संडा ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि इस वक्त भीषण गर्मी पड़ रही है। शहरी व ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सरकार द्वारा तय रोस्टर के बावजूद लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी अपनी लूट और आराम में मस्त हैं।
प्रदर्शन की सूचना 48 घंटे पहले ही दे दी गई थी। इसके बावजूद अधीक्षण अभियंता ज्ञापन लेने दफ्तर से बाहर नहीं आए। सपा नेताओं ने बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए दस दिन का समय देते हुए अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने, जर्जर तारों और केबलों को बदलने तथा कम क्षमता वाले ओवरलोडेड ट्रांसफार्मरों को हटाकर पर्याप्त क्षमता के नए ट्रांसफार्मर लगाने आदि प्रमुख मांगें रखीं।
इस अवसर पर ज़िला इकाई के महासचिव सलाउद्दीन, प्रदेश कमेटी के नेता तेजेंद्र सिंह बग्गा, रिजवान खान पप्पू, ज्ञान प्रकाश यादव, व्यापारी नेता पल्लव खेतान आदि मौजूद रहे।

अन्य समाचार