मुख्यपृष्ठसमाचारसरकारी हैंडपंप पर समरसेबल लगाकर कब्जा, ग्रामीणों को पानी भरने की मनाही

सरकारी हैंडपंप पर समरसेबल लगाकर कब्जा, ग्रामीणों को पानी भरने की मनाही

राजेश सरकार / प्रयागराज

यमुनानगर बारा क्षेत्र के शंकरगढ़ विकास खंड अंतर्गत कपसो अतरी गांव में सरकारी हैंडपंप पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है। गांव निवासी राजबहादुर यादव ने एसपी बारा को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही एक रसूखदार व्यक्ति ने ग्राम विकास अधिकारी की कथित मिलीभगत से सरकारी हैंडपंप में अवैध रूप से समरसेबल पंप डालकर उस पर कब्जा कर लिया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी हैंडपंप अब आम लोगों के लिए लगभग बंद हो चुका है। पानी भरने या पीने पहुंचने पर गांव वालों के साथ कथित रूप से गाली-गलौज कर उन्हें भगा दिया जाता है। भीषण गर्मी के बीच गांव की महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे दूर-दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं, जबकि गांव में सरकारी हैंडपंप मौजूद है।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले की शिकायत कई बार ग्राम प्रधान सुभाष कुमार और ग्राम विकास अधिकारी हिमांशु सिंह से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि ग्राम विकास अधिकारी की शह पर दबंग के हौसले और बुलंद हो गए हैं। इतना ही नहीं, शंकरगढ़ थाने में सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
लोगों का कहना है कि यदि सरकारी संसाधनों पर ही दबंग कब्जा कर लेंगे तो आम जनता आखिर न्याय के लिए कहां जाएगी। इस मामले में खंड विकास अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात कही। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी मामले को दबाने में लगे हैं और संतोषजनक जवाब देने से बच रहे हैं।
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर अवैध समरसेबल हटवाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अन्य समाचार