मुख्यपृष्ठसमाचारबैंक खातों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश...दो शातिर गिरफ्तार

बैंक खातों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश…दो शातिर गिरफ्तार

उमेश गुप्ता / वाराणसी

पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर क्राइम थाना टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक खातों से अवैध निकासी करने वाले संगठित साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 मई को बलिया निवासी एक व्यक्ति, जो वर्तमान में पुलिस लाइन वाराणसी में रह रहे हैं, ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बैंक खाते से करीब 12 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर डीसीपी अपराध के नेतृत्व तथा एसीपी साइबर अपराध की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह बेहद शातिर तरीके से लोगों के बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबरों की सिम “सिम अपडेट” या अन्य बहानों से स्वैप करवा लेता था। इसके बाद आरोपी पेटीएम, फोनपे, जीपे और मोबिक्विक जैसे यूपीआई ऐप सक्रिय कर बैंक खातों तक पहुंच बना लेते थे। फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित पहचान पत्रों के जरिए विभिन्न सीएसपी सेंटरों से नकदी निकालकर रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बताया that आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध और धोखाधड़ी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर क्राइम थाना की टीम शामिल रही।
कमिश्नरेट पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, लिंक या सिम अपडेट संबंधी संदेश पर भरोसा न करें तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।

अन्य समाचार