-पति के साथ होटल व्यवसाय संभालती थी युवती
-पति से पूछताछ कर रही है सोलापुर पुलिस
-सामना संवाददाता / मुंबई
सोलापुर जिले के मंगलवेढ़ा तालुका के ब्रह्मपुरी में एक २५ वर्षीया रील स्टार युवती के सुसाइड कर लेने की खबर से इलाके में काफी हलचल मच गई है। मरने वाली युवती का नाम रोहिणी नीलेश पराध्ये है। होटल के किचन में फांसी लगाने की यह चौंकाने वाली घटना कल मंगलवार दोपहर करीब २.३० बजे हुई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रोहिणी ने ब्रह्मपुरी में अपने खुद के बिजनेस ‘होटल ग्राम पंचायत’ के किचन में लोहे के एंगल की रस्सी से फांसी लगा ली। घटना का पता चलने के बाद, उसके पति नीलेश पराध्ये ने उसे तुरंत मंगलवेढ़ा रूरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हालांकि, मेडिकल ऑफिसर्स ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की शिकायत मंगलवेढ़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज कर ली गई है। पति नीलेश पराध्ये ने इस बारे में शिकायत दर्ज कराई है। सुसाइड के पीछे की सही वजह अभी साफ नहीं हुई है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
रोहिणी और नीलेश पराध्ये नामक कपल पिछले कुछ सालों से रील्स के जरिए सोशल मीडिया पर पॉपुलर हो गया था। उन्होंने अलग-अलग सोशल इशू और खाने की चीजों पर आधारित वीडियो बनाकर एक बड़ी ऑडियंस बना ली थी।
होटल बिजनेस शुरू किया था
कपल ने रत्नागिरी-नागपुर नेशनल हाईवे के किनारे ब्रह्मपुरी में ‘होटल ग्राम पंचायत’ नाम से एक बिजनेस शुरू किया था। कुछ ही समय में इस होटल को अच्छा रिस्पॉन्स मिलने लगा। बिजनेस स्टेबल हो रहा था तो और नई ब्रांच शुरू करने का प्लान बन रहा था। ऐसे समय में रोहिणी के अचानक उठाए गए इस कदम ने सभी को चौंका दिया है। उसके सुसाइड के पीछे की वजह अभी तक सामने नहीं आई है।
