मुख्यपृष्ठटॉप समाचारगरीब देखता रहा सोने के सपने...वड़ा-समोसा भी नहीं रहे अपने!

गरीब देखता रहा सोने के सपने…वड़ा-समोसा भी नहीं रहे अपने!

-समोसे पर ‘पाव’…रेलवे में पाव भी बना विशेष व्यंजन

-१ जून से गरीबों का खाना ८ रुपए तक होगा महंगा

सामना संवाददाता / मुंबई

मोदी राज में महंगाई अब बेलगाम हो चुकी है। सरकार ने एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील करके लोगों को बस सोने के सपने देखने को मजबूर कर दिया है। वहीं अब मुंबई में गरीबों का सबसे पसंदीदा व सस्ता भोजन वड़ा-पाव और समोसा भी अपने नहीं रहनेवाले हैं। दरअसल, सरकार रोज पेट्रोल-डीजल के भाव बढ़ा रही है। ऐसे में इसका असर अन्य उत्पादों के साथ ही खाने-पीने की चीजों पर भी हो रहा है। अब इसका असर मुंबईकरों के सस्ते भोजन वड़ा-पाव पर भी होने जा रहा है। रेलवे स्टेशनों के स्टॉल पर मिलनेवाले इस सबसे सस्ते भोजन के दाम ५ से ८ रुपए तक बढ़ने जा रहे हैं।
महंगाई कह रही ‘हां जी, हां जी’…५० रुपए की मिलेगी पाव भाजी!
रेलवे स्टॉल पर अब खाना महंगा होने जा रहा है। वड़ा-पाव और समोसा तो महंगा होने जा ही रहा है, पाव-भाजी भी महंगाई के सामने नतमस्तक हो चुकी है। वेज समोसा, वेज पफ और साबूदाना वड़ा अब २०-२० रुपए में उपलब्ध होंगे। यात्रियों के बीच पसंद किए जाने वाले पाव-भाजी और वेज पिज्जा की कीमत ५० रुपए निर्धारित की गई है। दक्षिण भारतीय व्यंजनों में मसाला डोसा ३५ रुपए में मिलेगा, जबकि दो पीस इडली सांभर या चटनी के साथ ३० रुपए में उपलब्ध होगी। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कीमतों में बदलाव के साथ भोजन की गुणवत्ता में भी सुधार सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, सभी स्टॉल संचालकों को यात्रियों की सुविधा के लिए दुकानों पर दो भाषाओं में रेट लिस्ट लगाना अनिवार्य किया गया है। अधिक कीमत वसूलने और भोजन की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों पर नजर रखने के लिए नियमित जांच भी की जाएगी।
२५ रुपए का मिलेगा रगड़ा पाव
रेलवे स्टॉलों पर मिलने वाले वड़ा-पाव की कीमत अब १३ रुपए से बढ़कर २० रुपए हो जाएगी, समोसे की कीमत १२ रुपए से बढ़कर २० रुपए हो जाएगी, जबकि रगड़ा-पाव अब २० रुपए के बजाय २५ रुपए में मिलेगा।
रेलवे ने दी मंजूरी
मध्य रेलवे ने अपने कैटरिंग स्टॉल्स पर मिलने वाले खाने की चीजों की कीमतों में बदलाव को मंजूरी दे दी है। इससे मध्य रेलवे के सभी स्टेशन पर अब खाने की चीजें महंगी हो गई हैं। रेलवे के अनुसार, नई दरें १ जून से लागू होंगी और इसके साथ संशोधित मेन्यू भी सभी स्टेशनों पर प्रभावी हो जाएगा।
अधिकारी कर रहे समीक्षा
फिलहाल, रेलवे अधिकारी खाद्य पदार्थों की मात्रा की समीक्षा कर रहे हैं। यात्रियों के लिए मेन्यू में स्लश ड्रिंक्स, क्रीम डोनट्स, सूप, डोसा और नूडल्स भी शामिल किए जाएंगे।
-कैमरे में कैद गंदगी…ये समोसा खाया तो गए काम से!
-क्रेट में रेलवे वेंडर ने रखा है पांव
भारतीय रेलवे नेटवर्क में खाने-पीने की साफ-सफाई लंबे समय से एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। पिछले कुछ वर्षों में कई ऐसे मामले और वीडियो सामने आए हैं, जिनमें ट्रेनों में यात्रियों को परोसे जाने वाले खाने की खराब गुणवत्ता, गंदगी और मनमानी कीमतों को लेकर सवाल उठे हैं। इसी कड़ी में अब रेलवे में समोसा बेचने वाले एक वेंडर का नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह छोटा-सा वीडियो इतना चौंकाने वाला है कि साफ-सफाई को महत्व देने वाला कोई भी व्यक्ति इसे देखकर परेशान हो सकता है। वीडियो में एक वेंडर चलती ट्रेन के फर्श पर बैठकर समोसे बेचता नजर आ रहा है। वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए अपने पैर उस खुले क्रेट पर रखे दिखाई देता है, जिसमें बिक्री के लिए समोसे रखे गए हैं। वेंडर ट्रेन के दरवाजे के पास, वॉश बेसिन के नीचे बैठा है, जहां का माहौल बेहद अस्वच्छ नजर आ रहा है।

 

अन्य समाचार