अनिल मिश्र / पटना
यज्ञ के पुजारी ने स्पष्ट कहा कि पत्रकार द्वारा प्रकाशित खबर में कोई गलती नहीं
बिहार प्रदेश की राजधानी पटना से प्रकाशित एक हिन्दी दैनिक अखबार (दैनिक भास्कर) के बिहार प्रदेश के गया जिला अंतर्गत गुरुआ के मुफस्सिल पत्रकार अमित कुमार के साथ हुई मारपीट, अपहरण और धमकी की घटना की जांच करने बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन गया जिला इकाई की पांच सदस्यीय टीम बुधवार को गुरुआ पहुंची। टीम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रंजन सिन्हा कर रहे थे।
जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल, यज्ञ स्थल और आसपास के लोगों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। इस बाबत जांच टीम सबसे पहले उस स्थान पर पहुंची, जहां आरोप है कि भाजपा नेता अमित दांगी ने अपने सहयोगियों के साथ पत्रकार अमित कुमार के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन उठाकर ले गए। इसके बाद टीम यज्ञ स्थल पहुंची, जहां मौजूद लोगों और स्थानीय ग्रामीणों से घटना को लेकर जानकारी ली।
जांच के दौरान टीम ने कहा कि यदि घटना के समय का करीब एक घंटे का सीसीटीवी फुटेज देखा जाए तो पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट रूप से सामने आ जाएगी। टीम ने यज्ञ करा रहे अयोध्या के पुजारी सीताराम दास जी से भी बातचीत की।
इस संबंध में पुजारी ने स्पष्ट कहा कि पत्रकार द्वारा प्रकाशित खबर में कोई गलती नहीं थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्रकार अमित कुमार से मोबाइल पर बातचीत हुई थी और यज्ञ से संबंधित जानकारी भी साझा की गई थी।
घटना के एक से दो घंटे के अंदर आरोपियों और पीड़ित के मोबाइल नंबर की लोकेशन तथा डीआर की जांच की जाए तो पूरा मामला स्पष्ट हो जाएगा। अमित कुमार को दुकान से उठाकर कहां ले जाया गया, किस रूट से ले जाया गया और कितनी देर तक रखा गया, यह भी सामने आ जाएगा।
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की जांच टीम ने कहा कि प्रारंभिक जांच में भाजपा नेता अमित दांगी पर लगाए गए आरोप सही प्रतीत हो रहे हैं। सार्वजनिक रूप से आयोजित कार्यक्रम की रिपोर्टिंग करना पत्रकार का कर्तव्य भी है। यूनियन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच टीम में वरिष्ठ पत्रकार एवं यूनियन के मार्गदर्शन मंडल के सदस्य कमलेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप रंजन, अभिषेक कुमार, धर्मेंद्र कुमार समेत अन्य पत्रकार शामिल थे।
यह जानकारी हरिबंश कुमार, जिला मीडिया प्रभारी, बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन गया इकाई ने दी है।
