अनिल मिश्र / पटना
आधुनिक भारत के निर्माता एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारतरत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की 65वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गयाजी शहर के हृदयस्थल गया नगर निगम के केदारनाथ मार्केट परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर उपस्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि प्रो. विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, बाबूलाल प्रसाद सिंह, दामोदर गोस्वामी, टिंकू गिरी, सुजीत गुप्ता आदि ने कहा कि गयाजी में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा एवं उनके नाम पर वर्षों से बने जवाहर टाउन हॉल की स्थिति काफी उपेक्षित है।
उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थल पर गंदगी, सब्जी के बोरे, खांचे आदि रखे रहते हैं तथा ऐतिहासिक जवाहर टाउन हॉल में गया नगर निगम का स्टोर और ईवीएम आदि रखे हैं। इसके बरामदे में भी चारों ओर बोरे पड़े रहते हैं।
स्थिति इतनी बदतर है कि उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर जब कांग्रेसजन यहां आते हैं, तो किसी तरह प्रतिमा के पास पहुंचकर साफ-सफाई करने के बाद माल्यार्पण कर पाते हैं।
नेताओं ने कहा कि लगातार कई वर्षों से राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन एवं गया नगर निगम से प्रतिमा स्थल के चहुंमुखी विकास तथा जवाहर टाउन हॉल के जीर्णोद्धार की मांग की जा रही है, लेकिन किसी के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है, जो काफी चिंता का विषय है।
