राजेश विक्रांत / मुंबई
तकरीबन दो दशक बाद ‘ऑफिस ऑफिस’ नए अवतार में लौट रहा है। गौरतलब है कि पंकज कपूर अभिनीत ‘ऑफिस ऑफिस’ भारतीय टीवी जगत का एक आइकॉनिक शो रहा है। एक बार फिर वही जादू ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। 25 मई से इस शो का प्रसारण दूरदर्शन नेशनल पर शुरू हो चुका है। दर्शक इस शो को वेव्स ओटीटी पर भी देख सकते हैं। शो का निर्माण ईगल फिल्म्स ने किया है, जबकि इसके निर्देशक राजन बाघधारे हैं। स्टोरी, स्क्रीनप्ले और संवाद मशहूर लेखक जोड़ी हीरेन्द्र झा और निमिषा दीक्षित ने लिखे हैं। हीरेन्द्र-निमिषा का इससे पहले दूरदर्शन पर एक और चर्चित शो ‘दूर से नमस्ते’ भी आ चुका है। हीरेन्द्र-निमिषा की किताब ‘सेज : सुनंदा पुष्कर की कहानी’ भी बेहद लोकप्रिय रही है। इन दिनों यह जोड़ी कई फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी शो पर काम कर रही है। ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ के लेखक हीरेन्द्र झा से हुई बातचीत के प्रमुख अंश।
सवाल: ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ के लिए बहुत बधाई आपको। कैसा रिस्पॉन्स आ रहा है?
हीरेन्द्र: बहुत बढ़िया रिस्पॉन्स मिल रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार फोन आ रहे हैं। सभी बहुत अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। यह हमारे लिए बेहद खुशी की बात है। हमने बचपन में यह शो देखा था। इसके सभी किरदार, चाहे वो पंकज कपूर साहब हों, मनोज पाहवा हों या संजय मिश्रा, आज लेजेंड बन चुके हैं। एक लेखक के रूप में मेरे और निमिषा, हम दोनों दोस्तों के लिए इसके नए सीजन से जुड़ना गर्व की बात है। हमने पूरी कोशिश की है कि उसी जादू को नए और बदलते समय के हिसाब से फिर से रचा जा सके। उम्मीद है दर्शकों को यह शो काफी पसंद आएगा।
सवाल: स्टार कास्ट के बारे में बताइए?
हीरेन्द्र: श्रुति शर्मा जितनी खूबसूरत हैं, उतनी ही टैलेंटेड भी हैं। उन्होंने अनोखी लाल मुसद्दी यानी मुसद्दी की बेटी का किरदार निभाया है। अनुषा मिश्रा भाटिया मैडम बनी हैं। कृष्णा भट्ट पांडे जी की भूमिका में हैं। किसलय शुक्ला ने जी का किरदार निभाया है। चारुल का किरदार गरिमा जैन ने किया है, जबकि पटेल की भूमिका सुमित अरोड़ा निभा रहे हैं। सभी कमाल के कलाकार हैं। पिछले सीजन में जो उषा जी थीं, उनका नाम हमने इस सीजन में बदलकर चारुल रखा है। भाटिया का किरदार पहले मनोज पाहवा साहब ने निभाया था, तो इस बार हमने एक ट्विस्ट रखा कि भाटिया का किरदार भी महिला पात्र हो। अनुषा ने इस भूमिका को बेहद शानदार तरीके से निभाया है।
सवाल: यानी पूरा मजा आने वाला है?
हीरेन्द्र: बिल्कुल। देखिए, अगर टीम अच्छी हो, तभी शो अच्छा बनता है। हमारे डायरेक्टर राजन बाघधारे कॉमेडी के उस्ताद हैं। उनका विज़न कमाल का है। उन्होंने हम राइटर्स से हमारा बेस्ट निकलवा लिया। राजन सर हमेशा अपने राइटर्स और एक्टर्स, दोनों का हौसला बढ़ाते हैं। उनके होने से इस शो में एक एक्स फैक्टर आ गया है, जिसे दर्शक शो देखते समय महसूस करेंगे। राजन सर जीनियस हैं और मैं आपको बताऊँ, हमारे प्रोड्यूसर उमेश मेहरा साहब भी एक लीजेंड हैं। उनका भी हमें पूरा सपोर्ट मिला। उन्होंने हम पर भरोसा किया और हमेशा हमारा उत्साह बढ़ाया।
सवाल: शो के दौरान ऐसे कई यादगार पल भी होंगे, जो आप हमसे साझा करना चाहेंगे?
हीरेन्द्र: मुझे याद है, जब दूरदर्शन के लिए हमें इस शो का प्रस्ताव भेजना था। उन दिनों मैं अपने गांव में था। मेरे 90 वर्षीय पिताजी तीन साल से बिस्तर पर थे। वे बैठ भी नहीं पाते थे, इसलिए मेरा अधिकतर समय उनके साथ ही गुजरता था। मैं उन दिनों मुंबई में कम और गांव में ज्यादा रहता था।
उसी दौरान इस शो के प्रस्ताव की बात आई। उसके बाद करीब दस दिनों तक मैं कमरे से बाहर भी नहीं निकला। बस बाबूजी को एक-दो बार जाकर देख लेता था। यह दुर्गा पूजा का समय था। अष्टमी के दिन आखिरकार हमने दूरदर्शन को प्रस्ताव भेजा। फिर एक गहरी सांस ली और बाबूजी को बताया कि दूरदर्शन में नए शो के लिए प्रस्ताव गया है, अब देखिए क्या होता है। बाबूजी बहुत खुश हुए। उन्होंने बड़े अपनेपन से कहा था, “मां भगवती की कृपा रही तो सब अच्छा होगा।” यह साल 2024 की बात है। अगले ही दिन यानी महानवमी को बाबूजी हम सबको छोड़कर चले गए। उनके जाने के तकरीबन डेढ़ साल बाद यह शो आया है। आज वो होते तो बहुत खुश होते। हमारा पिछला शो ‘दूर से नमस्ते’ के सारे एपिसोड उन्होंने देखे थे।
सवाल: वाकई यह आपके लिए एक इमोशनल मोमेंट है। अपने दर्शकों से क्या कहना चाहेंगे?
हीरेन्द्र: ‘ऑफिस ऑफिस चली मुसद्दी की बेटी’ यानी हँसी-ठहाकों की पूरी गारंटी। दर्शकों को बहुत मजा आने वाला है। आपको हर किरदार से प्यार हो जाएगा। जेन जी पीढ़ी भी ‘ऑफिस ऑफिस’ जैसे आइकॉनिक शो को इस नए रूप में देखकर हमारे ऑफिस सिस्टम को समझ सकेगी। करप्शन से लड़ने की प्रेरणा मिलेगी और अनोखी की तरह सबको सबक सिखाने का हौसला भी मिलेगा। तो सोमवार से शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे यह शो जरूर देखें। धन्यवाद!
