भारतीय क्रिकेट में जल्द ही नेतृत्व का बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड अब टीम इंडिया के व्हाइट बॉल क्रिकेट के लिए ‘वन वैâप्टन पॉलिसी’ लागू करने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड सीमित ओवरों के दोनों प्रारूप — वनडे और टी२० में अलग-अलग कप्तानों की व्यवस्था खत्म कर एक ही चेहरे पर भरोसा जताना चाहता है। इस बड़े बदलाव का सबसे बड़ा फायदा युवा स्टार शुभमन गिल को मिल सकता है। फिलहाल गिल वनडे टीम की कमान संभाल रहे हैं और अब उन्हें टी२० टीम की कप्तानी भी सौंपी जा सकती है। अगर ऐसा होता है तो मौजूदा टी२० कप्तान सूर्यकुमार यादव का कार्यकाल सीमित हो सकता है। बीसीसीआई का मानना है कि दो अलग-अलग कप्तानों की रणनीति से टीम संयोजन और योजनाओं में निरंतरता प्रभावित होती है। ऐसे में एक कप्तान के नेतृत्व में टीम बेहतर तालमेल और स्पष्ट दिशा के साथ आगे बढ़ सकती है। शुभमन गिल को भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है।
