मुख्यपृष्ठसमाचारकुंभनगरी में आंधी-तूफान का कहर...यमुनानगर में भारी तबाही...बरगद गिरा, घर और गाड़ी...

कुंभनगरी में आंधी-तूफान का कहर…यमुनानगर में भारी तबाही…बरगद गिरा, घर और गाड़ी चकनाचूर…गाय की मौत, एक घायल

राजेश सरकार / ​प्रयागराज

गुरुवार देर रात अचानक आए आंधी-तूफान ने यमुनापार क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। अमिलिया धाम मंदिर के आसपास बर्बादी का मंजर देखने को मिला, जहां प्रकृति के इस कहर ने कई परिवारों को भारी संकट में डाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आंधी इतनी तेज थी कि अमिलिया धाम मंदिर के पास स्थित पप्पू हलवाई और उनके पड़ोसी के घरों पर एक विशालकाय बरगद का पेड़ भरभराकर गिर गया। पेड़ गिरने से एक मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मकान के मलबे और पेड़ की चपेट में आने से वहां बंधी एक गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मलबे में दबी ​गाड़ी
​तूफान का असर इतना भीषण था कि घर के पास खड़ी एक टवेरा गाड़ी पर भारी-भरकम पेड़ गिर गया। पेड़ के वजन से गाड़ी पूरी तरह पिचक गई और क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि घटना के वक्त गाड़ी के भीतर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
लगाई मदद की गुहार
अचानक आई इस कुदरती आपदा से पप्पू हलवाई के पड़ोसी का आशियाना उजड़ गया और उन्हें लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।

अन्य समाचार