अनिल मिश्र / पटना
बिहार प्रदेश में आज अहले सुबह मौसम ने करवट ले ली। इसके कारण प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और ठनका (वज्रपात) के साथ भारी बारिश हुई। इस वज्रपात के कारण अलग-अलग जिलों में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें राजधानी पटना जिले में दो बच्चियों की मौत हुई है। वहीं गया जिले में भी एक बच्ची और एक अधेड़ की मौत हो गई। जबकि सीतामढ़ी और वैशाली में भारी बारिश और तेज हवा के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गया जिले के डुमरिया प्रखंड के भदवर थाना क्षेत्र के किशुन चक गांव में आज शुक्रवार को अहले सुबह वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय दिनेश यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दिनेश यादव शुक्रवार को प्रतिदिन की तरह घर से भैंस चराने निकले थे। इस बीच गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर बीजूआ बरवाडीह स्थित हरिईटाड़ इलाके में पहुंचे ही थे कि अचानक मौसम खराब हो गया। तेज गर्जना और चमक के बीच अचानक आकाशीय बिजली (ठनका) उनके ऊपर गिर पड़ी।
इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी घटनास्थल पहुंचे। वहीं पति का शव देखते ही पत्नी बेसुध होकर गिर पड़ी। ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश यादव बेहद गरीब परिवार से थे। मजदूरी और पशुपालन के सहारे किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। कुछ समय पहले ही उन्होंने अपनी एक बेटी की शादी की थी।
वहीं गया जिले के ही बाराचट्टी प्रखंड के गुलरवेद गांव में एक लड़की की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई, जबकि लड़की की मां गंभीर रूप से झुलस गई। मृतका की पहचान 17 वर्षीय मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। मां-बेटी घर से निकली थीं कि अचानक शुरू हुई बारिश से बचने के लिए गांव के समीप एक महुआ के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान पेड़ पर वज्रपात हुआ। बेटी की मौत हो गई, जबकि मां गौरी देवी का इलाज चल रहा है।
जबकि राजधानी पटना के फुलवारी स्थित सकरैचा गांव में ठनका गिरने से दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिमरन कुमारी (12), पिता गोपाली पासवान और स्वीटी कुमारी (10), पिता रिपु पासवान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बच्चियां बधार में बकरी चराने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और ठनका गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं।
इस बीच भाकपा माले की टीम मौके पर पहुंची और मृतक परिवारों को सांत्वना दी। पार्टी नेताओं ने सरकार से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं बिहार प्रदेश में मूसलाधार बारिश के बीच ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक, गया जिला अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर कई एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ। इनमें दुरंतो एक्सप्रेस, अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस और वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। हालांकि, बाद में ट्रेनों के परिचालन के सामान्य होने की सूचना मिली।
रेलवे के अनुसार, गया में कई एक्सप्रेस ट्रेनें मूसलाधार बारिश के कारण फंस गई थीं। ट्रैक पर फिसलन होने के कारण ट्रेनें आगे नहीं बढ़ सकीं और उन्हें रोक दिया गया। बाद में बारिश थमने के बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य हुआ।
बताया जाता है कि शुक्रवार को गया जिले में मूसलाधार बारिश हुई, जिसके कारण एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गया-धनबाद रेलखंड के बसकटवा स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस रुकी रही। वहीं गुरपा में अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस, पहाड़पुर में जनशताब्दी एक्सप्रेस और टनकुप्पा में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी रही। मौसम अनुकूल होने के बाद इनका परिचालन शुरू कराया गया।
पटना मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक जिले में तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की है। साथ ही बताया गया है कि प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
