-भीषण गर्मी में घंटों जाम से बेहाल लोग
द्रुप्ति झा / मुंबई
एलफिंस्टन ब्रिज को बिना किसी ठोस प्लानिंग के जमींदोज कर दिया गया, जिसका खामियाजा अब मुंबईकरों को भुगतना पड़ रहा है। कई इलाकों में घंटों ट्रैफिक जाम लग रहा है, जिससे लोगों का बुरा हाल हो गया है। भीषण गर्मी में लंबे समय तक जाम में फंसे रहने से रोजमर्रा का सफर लोगों के लिए आफत बन गया है। शिकायतों का अंबार लगने और लोगों के आक्रोश के बाद अब जाकर ट्रैफिक पुलिस और बेस्ट प्रशासन हरकत में आए हैं। आनन-फानन में कई मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट करने का पैâसला लिया गया है। दादर-ईस्ट और वेस्ट को जोड़ने वाले एलफिंस्टन ब्रिज को तोड़े जाने के बाद वाहनों को तिलक ब्रिज और करी रोड ब्रिज की ओर मोड़ दिया गया है। इससे दादर इलाके के भवानी शंकर रोड और एस. के. बोले रोड पर भारी ट्रैफिक जाम लग रहा है। ट्रैफिक को सुचारु करने के लिए पुलिस ने कई बड़े बदलाव किए हैं।
बेस्ट रूट बदलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी
नई ट्रैफिक व्यवस्था के तहत बेस्ट बसों के रूट में भी बदलाव किए गए हैं। इससे बेस्ट यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। ब्रिज बंद होने के कारण ट्रैफिक को एन. सी. केलकर रोड और तिलक ब्रिज की ओर डायवर्ट किया गया है। इससे भवानी शंकर रोड, कबूतरखाना, रानाडे रोड और एस. के. बोले रोड पर भारी जाम लगने लगा है। ट्रैफिक पुलिस ने भवानी शंकर रोड को अप डायरेक्शन में बंद कर दिया है। इसके चलते बेस्ट की बस क्रमांक ५६, ८८, ११०, १५१, ८१४, १६४, १७१, २०१, ३०५, १२८, ५२ और ३५७ के रूट डायवर्ट किए गए हैं।
