सामना संवाददाता / मुंबई
शादी का झांसा देकर एक दिव्यांग मोबाइल शॉप मालिक से ३५ लाख रुपए की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कल्याण पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने चार साल तक पीड़ित को भावनात्मक रूप से फंसाकर लगातार आर्थिक शोषण किया।
पुलिस के अनुसार, ४० वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति, जो मोबाइल की दुकान चलाता है, सोशल मीडिया के जरिए इन महिलाओं के संपर्क में आया था। अच्छी दुल्हन की तलाश में भटक रहे पीड़ित को आरोपियों ने जाल में फंसाया और ४० वर्षीय महिला ने शादी का प्रस्ताव रखकर भरोसा जीत लिया।
इसके बाद दोनों महिलाओं ने अलग-अलग बहानों से पीड़ित से लगातार पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। कभी शॉपिंग खर्च, तो कभी व्यक्तिगत जरूरतों के नाम पर चार सालों में करीब ३५ लाख रुपये वसूल लिए गए। इस दौरान आरोपी महिला पीड़ित से मॉल और सार्वजनिक स्थानों पर मुलाकात करती रही, जिससे उसका विश्वास और मजबूत होता गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी महिलाएं पहले से शादीशुदा हैं। उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से सोशल मीडिया के जरिए संपर्क बनाकर इस ठगी को अंजाम दिया। जब मुख्य आरोपी महिला ने अचानक संपर्क तोड़ दिया और दूसरी महिला भी गायब हो गई, तब पीड़ित को शक हुआ। ठगी का अहसास होने पर दिव्यांग व्यक्ति ने महात्मा फुले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मुख्य आरोपी की सहयोगी ३० वर्षीय महिला को कोल्हापुर से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी आरोपी को उसके मुंबई स्थित घर से हिरासत में लिया गया।
दोनों आरोपी शादीशुदा
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने महात्मा फुले पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद पुलिस ने एक महिला को कोल्हापुर से और दूसरी को मुंबई से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले से शादीशुदा हैं और सुनियोजित तरीके से ठगी को अंजाम दिया गया।
