मुख्यपृष्ठस्तंभतहकीकात : इश्क में पागल मां ने बेटे का करवाया कत्ल...कोल्ड...

तहकीकात : इश्क में पागल मां ने बेटे का करवाया कत्ल…कोल्ड ब्लडेड मर्डर के लिए २५ लाख रुपए में सुपारी

फिरोज खान

उन्नाव जिले के गांव दरबारी खेड़ा के पास एक कुएं में पानी में एक लाश उतरा रही थी। किसी व्यक्ति ने फोन के जरिए कुएं में लाश पड़ी होने की सूचना पुलिस को दे दी। वहां मौजूद लोगों ने लाश की शिनाख्त करते हुए बताया कि युवक नदीम है और अरफा बेगम का बेटा है। पुलिस ने शिनाख्त के लिए नदीम के घर वालों को बुलवा लिया। हत्या चाकू से गोद कर की गई थी। आरफा बेगम ने पुलिस को बताया नदीम घर से दुकान जाने के लिए दोपहर २ बजे बाइक से निकला था। जब वह रात १० बजे तक घर नहीं पहुंचा तो उसने उसके मोबाइल फोन पर कॉल की, लेकिन उसका फोन बंद था। आज उसकी लाश मिल गई। हत्या की जांच करते एक महीना से ज्यादा का समय गुजर गया था, लेकिन नदीम के हत्यारों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
एक दिन एक युवती डरी सहमी हालत में पुलिस थाने प़हुंची। उस युवती ने दाएं-बाएं नजर घुमाई फिर बोली, ‘साहब मैं मरहूम नदीम की बीवी हूं छिपते-छिपाते किसी तरह थाने आई हूं।’ उसने पुलिस को बताया कि उसकी सास अरफा बेगम यानी कि नदीम की मां ने ही अपने बेटे को मरवाया है। युवती की बात सुनकर पुलिस अफसर ने कहा ‘भला एक मां अपने एकलौते बेटे का कत्ल क्यों कराएगी? फिर भी तुम्हारे ‘शक की वजह क्या है?’ युवती ने बताया, आरफा बेगम मकान व दुकान बेचना चाहती थी, लेकिन उसका बेटा इस का विरोध कर रहा था। इसको लेकर मां-बेटे में तकरार होती थी। शक का दूसरा कारण आरफा बेगम की यारी है। यानी उसके नाजायज संबंध अजमेर निवासी एक रिश्तेदार से हैं। वह मकान-दुकान बेचकर उसके साथ रहना चाहती थी, लेकिन मेरे पति विरोध करते थे। मुझे शक है कि इसी विरोध के चलते सास ने नदीम का काम तमाम करा दिया।’ पुलिस टीम ने शक के आधार पर मृतक की मां आरफा बेगम की निगरानी शुरू कर दी। यही नहीं, आरफा बेगम व मृतक नदीम के मोबाइल फोन नंबरों की कॉल डिटेल्स रिपोर्ट निकाली गई, जिसमें पता चला अरफा बेगम ने कत्ल वाले दिन सलीम नाम के शख्स के साथ बात की थी। पुलिस टीम ने उससे नदीम की हत्या के बारे में सख्ती से पूछताछ की तो उसने नदीम की हत्या का जुर्म कुबूल कर लिया।

अन्य समाचार