सीमा श्रीवास्तव
जब भी परदे पर कोई जोड़ी हिट होती है तो एक क्यूरियोसिटी बन जाती है कि क्या इस जोड़ी के बीच असल में भी रोमांस है? क्या यह जोड़ी शादी के बंधन में बंधेगी? जैसे कई प्रश्न तैरने लग जाते हैं। अब देखिए न अमेजन प्राइम वीडियो की नई सीरीज ‘ऑफ कैंपस’ धूम मचा रही है। अपनी रिलीज के बाद से ही ये यंग जनरेशन की फेवरेट बन गई है। इस शो में एक्ट्रेस एला ब्राइट और एक्टर बेलमोंट कैमेली ने काम किया है। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीता। इसके बाद से ही उनके रियल लाइफ एज डिफरेंस और रिश्ते पर चर्चा शुरू हो गई है। जबकि अभिनेता एला से ९ साल बड़ा है। दोनों के बीच की परदे पर केमिस्ट्री अब असल जिंदगी में सवाल बन कर खड़ी हो गई है और दोनों को ही लोग बड़ी हैरत भरी नजरों से देखते हैं। मगर इधर नई रिपोर्ट्स में कहा गया है कि ब्राइट और कैमेली असल जिंदगी में रोमांटिक पार्टनर के बजाय अच्छे दोस्त हैं। एला ब्राइट ने शो की प्रीमियर पर कहा, ‘हम बहुत अच्छे दोस्त हैं, हम सच में साथ में बहुत मस्ती करते हैं, बहुत सारा हंसी-मजाक और मजा करते हैं। मगर भाई ऐसा कुछ नहीं है जैसा आप लोग सोचते हैं।
एक एपिसोड के तीन लाख डॉलर, न बाबा न
हॉलीवुड की सबसे पॉपुलर सीरीज में शुमार गेम ऑफ थ्रोन्स के कलाकारों की कमाई को लेकर सालों से कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। इस बीच कई बार यह दावा किया जाता रहा है कि सीरीज के प्रमुख कलाकारों को प्रति एपिसोड करीब ३ लाख डॉलर (लगभग २.८४ करोड़ रुपए) की फीस दी जाती थी। अब इस मामले पर एक्ट्रेस एमिलिया क्लार्क ने खुद चुप्पी तोड़ी है। एमिलिया क्लार्क के मुताबिक, सीरीज के कलाकारों की कमाई बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई है। एमिलिया ने सीरीज में डेनेरिस टार्गेरियन यानी ‘मदर ऑफ ड्रैगन्स’ का किरदार निभाया था। एक इंटरव्यू के दौरान एमिलिया क्लार्क से उनकी प्रति एपिसोड फीस को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें इतनी बड़ी रकम नहीं मिलती थी। एमिलिया ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘हम इतनी कमाई नहीं कर रहे थे। सोचिए अगर इतना पैसा मिलता, तो मैं कई पोर्शे कारें चला रही होती।’ हालांकि, उन्होंने अपनी असली फीस की जानकारी शेयर नहीं की, लेकिन यह जरूर बताया कि शो से हुई कमाई ने उन्हें इतनी आर्थिक सुरक्षा जरूर दी कि वे अपने माता-पिता का होम लोन चुकाने में कामयाब हो गर्इं।
