मुख्यपृष्ठनए समाचारअंडरवर्ल्ड के नेटवर्क का फायदा...उठा रही है आईएसआई!

अंडरवर्ल्ड के नेटवर्क का फायदा…उठा रही है आईएसआई!

-दाऊद के करीबी झिंगाड़ा को सौंपी गई थी हमले की जिम्मेदारी

-पाकिस्तानी फैक्ट्री में बने हैं बरामद ग्रेनेड, पिस्टल और कारतूस

फिरोज खान / मुंबई

मुंबई और दिल्ली में आतंकी हमले की साजिश की जांच कर रही दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने पाकिस्तान के आईएसआई और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े एक मॉड्यूल का सनसनीखेज खुलासा किया है। दाऊद इब्राहिम के लिए काम करनेवाले मुन्ना झिंगाड़ा को आतंकी हमले की जिम्मेदारी के साथ-साथ मॉड्यूल के लिए एक फाइनेंशियल नेटवर्क बनाने का काम भी सौंपा गया था। मुंबई से पकड़ा गया तौकीर शेख पाकिस्तान के आईएसआई हैंडलर्स यावर खान और सैयद मुज्जकिर मुदस्सर हुसैन उर्फ ​​मुन्ना झिंगाड़ा के संपर्क में था। एक और चौंकाने वाली जो बात सामने आई है वह यह है कि आरोपियों के पास से जब्त ग्रेनेड, पिस्टल और कारतूस पाकिस्तान में बने थे। सूत्र बताते हैं कि पाकिस्तानी आईएसआई अब मुंबई अंडरवर्ल्ड के नेटवर्क का फायदा उठाकर मुंबई, दिल्ली और दूसरे शहरों में आतंकी हमले की साजिश रच रहा है। आज भी देश में अंडरवर्ल्ड की जडें कई शहरों पर पैâली हुई हैं। दाऊद इब्राहिम का करीबी और डी-कंपनी का शार्पशूटर मुन्ना झिंगाड़ा वर्तमान में पाकिस्तान में रह रहा है।
आईएसआई के लिए काम कर रहा है मुन्ना झिंगाड़ा!
दाऊद इब्राहिम के लिए काम करने वाला मुन्ना झिंगाड़ा अब पाकिस्तानी आईएसआई एजेंसी के शरण में है और उसी के लिए काम कर रहा है। वह मुंबई के जोगेश्वरी-पूर्व में पला-बढ़ा और ९० के दशक में ‘डी-कंपनी’ के लिए एक खतरनाक शार्प-शूटर बन गया था। मुन्ना झिंगाड़ा को मुंबई के चप्पे-चप्पे की जानकारी है। जांच करने वालों ने बताया कि कई जगहों पर जासूसी की गई थी। आरोपियों ने दिल्ली और मुंबई के आस-पास की इमारतों की वीडियोग्राफी की, जिसमें दादर रेलवे स्टेशन का इलाका भी शामिल है।
टेक्निकल सर्विलांस और इंटेलिजेंस इनपुट्स पर काम करते हुए, स्पेशल सेल की टीमों ने कई और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भर्ती, बातचीत और तालमेल के लिए इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया था। इस मामले में पंजाब के तीन लोगों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ऑपरेशन १९ मई को विजय शूटर की गिरफ्तारी के साथ शुरू हुआ, जिसके हैंडलर की पहचान पुणे में रहने वाले नावेद के तौर पर हुई। इसके बाद, नीतीश पासवान को झारखंड के साहिबगंज से पकड़ा गया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे १ जून तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने बताया कि एक संदिग्ध, जिसकी पहचान उजेफा के तौर पर हुई है, वह अभी भी फरार है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

अन्य समाचार