सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से रविवार को आयोजित उत्तर प्रदेश बी.एड. प्रवेश परीक्षा सुल्तानपुर के सभी १३ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हो गई। जिला प्रशासन, जिला समन्वयक/नोडल, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि,केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों, केंद्र प्रतिनिधि, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा समस्त परीक्षाकर्मियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन किया गया। दावा है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता एवं परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षा के जिला समन्वयक प्रो. अंग्रेज सिंह राणा ने परीक्षा कार्य में सहयोग प्रदान करने वाले जिला प्रशासन, केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों , शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सभी १३ केंद्रों पर कुल ५८४७ परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें से ५४७२ लोग उपस्थित रहे। दोनों पालियों की परीक्षा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। जिला उप समन्वयक प्रो. शक्ति सिंह ने परीक्षा की सफलता के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके सहयोग की सराहना की।
