मुख्यपृष्ठअपराधप्रेम विवाह की रंजिश में खून से लाल हुआ डेरा चकिया...सोते समय...

प्रेम विवाह की रंजिश में खून से लाल हुआ डेरा चकिया…सोते समय अधेड़ की धारदार हथियार से हत्या

राजेश सरकार / प्रयागराज

कमिश्नरेट के यमुनानगर स्थित घूरपुर थाना क्षेत्र के डेरा चकिया गांव में प्रेम विवाह को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद अब खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार तड़के घर में सो रहे 55 वर्षीय किसान तिलकधारी यादव की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार डेरा चकिया निवासी तिलकधारी यादव खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि तिलकधारी के भाई अर्जुन के बेटे शिवम ने 20 मई 2026 को गांव की ही एक युवती के साथ घर से भागकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। प्रेम विवाह के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव और विवाद लगातार बढ़ता गया। गांव के बुजुर्गों और रिश्तेदारों ने कई बार दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास भी किया, लेकिन मनमुटाव समाप्त नहीं हो सका। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात युवती का पिता तिलकधारी के घर पहुंचा था, जहां विवाद सुलझाने को लेकर दोनों पक्षों में बातचीत हुई। चर्चा के दौरान माहौल फिर गरमा गया और कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि युवती का पिता वहां से जाते समय गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर चला गया था। मृतक की बेटी शीतल ने पुलिस को बताया कि सोमवार तड़के करीब दो बजे आरोपी दोबारा उनके घर में घुस आया और सो रहे तिलकधारी के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग पहुंचे तो तिलकधारी खून से लथपथ पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसीपी कौंधियारा समेत घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी कौंधियारा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम विवाह के बाद उपजे विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। कुछ लोगों के उकसावे में आकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अन्य समाचार

अल्फाज

ख्याल!