खास बातें
* सफल नर्स में सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावनाः प्रो. एस.पी. सुभाषिनी
* प्रो. जेसलीन एम. बोलीं, कॉलेज का समय जीवन की अमूल्य धरोहर एवं प्रेरक
* मिस और मिस्टर फेयरवेल के चयन के लिए रैंप वॉक, इंट्रो और प्रश्नोत्तरी राउंड
* प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. सहर्ष वाल्टर और डॉ. शालिनी जोशी शामिल
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में आयोजित पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की फेयरवेल पार्टी में जॉनी सागर को मिस्टर फेयरवेल और प्राची शर्मा को मिस फेयरवेल चुना गया। दोनों विजेताओं को क्राउन पहनाकर तथा उपहार देकर सम्मानित किया गया। मिस्टर और मिस फेयरवेल के चयन के लिए रैंप वॉक, इंट्रोडक्शन और प्रश्नोत्तरी राउंड आयोजित किए गए। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत आदि की आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
पीबीबीएससी प्रथम वर्ष की छात्राओं जॉली वार्ष्णेय, साक्षी शर्मा और रजनी यादव ने स्वागत नृत्य के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की। वहीं तुलसी और रिया ने बॉलीवुड गीतों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। प्रथम वर्ष की छात्रा शिवी ने सोलो डांस की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। मिस और मिस्टर फेयरवेल प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रो. सहर्ष वाल्टर और डॉ. शालिनी जोशी शामिल रहे।
इससे पूर्व नर्सिंग कॉलेज की डीन प्रो. एस.पी. सुभाषिनी, प्राचार्या प्रो. जेसलीन एम., वाइस प्रिंसिपल प्रो. राम निवास आदि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डीन प्रो. एस.पी. सुभाषिनी ने कहा कि यह विदाई केवल एक समारोह नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सफल नर्स वही होती है, जो सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना के साथ मरीजों की देखभाल करे।
प्राचार्या प्रो. जेसलीन एम. ने छात्र-छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कॉलेज का समय जीवन की अमूल्य धरोहर है, जो हमें जीवनभर प्रेरित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और करुणा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक करियर नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा का माध्यम है।
कार्यक्रम में सुश्री एकजोत कौर, सुश्री अनुशी सिंह, श्री ऐलन सिंह सहित पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
