मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिलायंस क्लब की ओर से विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सम्मान

लायंस क्लब की ओर से विभिन्न सामाजिक संस्थाओं का सम्मान

रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई

लायंस क्लब ऑफ विरार विकास एवं वीवा कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
31 मई की शाम विरार स्थित वीवा कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व लायंस क्लब ऑफ विरार विकास के अध्यक्ष लायन श्रीहास चुरी ने किया। कार्यक्रम में लायन पीएमसीसी चंद्रशेखर घाग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में लायन आरसी अतुल दांडेकर, लायन श्रद्धा मोरे, लायन अमित अग्रवाल, लायन योगेश कथूरिया सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मंचासीन रहे।
लायंस क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 35 सामाजिक संस्थाओं के ट्रस्टियों एवं प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया। प्रत्येक संस्था को अपनी कार्यप्रणाली और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी देने के लिए तीन मिनट का समय प्रदान किया गया। सभी प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी मंचासीन अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के समक्ष प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, सर्प संरक्षण, पशु सेवा, वृद्धाश्रम संचालन, योग प्रशिक्षण, बाल संस्कार, शिक्षा तथा अन्य सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका पीडीजी लायन प्रशांत पाटिल तथा वीवा कॉलेज की प्राचार्या दीपा वर्मा ने निभाई।
कार्यक्रम के दौरान यूनिक प्रोजेक्ट श्रेणी के लिए सर्प इंडिया तथा इम्पैक्टफुल प्रोजेक्ट श्रेणी के लिए संजीवनी परिवार का चयन किया गया। अतिथियों ने विजेता संस्थाओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में श्रीहास चुरी ने कहा कि आज के समाज में सामाजिक संस्थाओं और उनके कार्यकर्ताओं का विशेष महत्व है। वे समाज और लोगों के बीच एक सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपने कार्यक्षेत्र की सीमाओं से आगे बढ़कर विभिन्न सामाजिक समस्याओं की जानकारी प्राप्त करनी चाहिए तथा उनके समाधान के लिए सक्रिय प्रयास करने चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन लायन किंजल गोसालिया ने किया, जबकि आयोजन एवं व्यवस्थापन की जिम्मेदारी लायंस क्लब ऑफ विरार विकास के सदस्यों तथा वीवा कॉलेज के विद्यार्थियों ने संभाली।

अन्य समाचार