उमेश गुप्ता / वाराणसी
बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19.7 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 19 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में थाईलैंड के छह नागरिकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, बैंकॉक से एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से आए तीन पुरुष और तीन महिला यात्रियों की जांच के दौरान उनके ट्रॉली बैग से प्लास्टिक पैकेटों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने पहले भी कोलकाता-गया मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी करने की बात स्वीकार की है।
जांच एजेंसियां इस तस्करी नेटवर्क से जुड़ी एक अन्य थाई महिला की भूमिका की भी जांच कर रही हैं। पुलिस और सीमा शुल्क विभाग अंतरराष्ट्रीय गिरोह के भारत में फैले नेटवर्क की पड़ताल में जुटे हैं।
