बॉलीवुड में दमदार एक्टिंग से पहचान बनाने वाली भूमि पेडणेकर अब अपने एक बयान की वजह से सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई हैं। दरअसल, हाल ही में जब एक्ट्रेस से पूछा गया कि क्या वह भविष्य में राजनीति में एंट्री करेंगी, तो भूमि ने ऐसा जवाब दिया जिसने गॉसिप प्रेमियों को नया विषय दे दिया। भूमि ने साफ `हां’ तो नहीं कहा, लेकिन `ना’ भी नहीं कहा। उन्होंने कहा कि देश सेवा उनके लिए हमेशा अहम रही है और अगर लोगों के लिए बड़े स्तर पर काम करने का मौका मिला तो वह इस बारे में सोच सकती हैं। राजनीति में आने के सवाल पर अभिनेत्री ने दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं किया, जिसके बाद अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। बस फिर क्या था! सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गईं कि क्या बॉलीवुड की एक और स्टार राजनीति की राह पकड़ने वाली है? कुछ लोग मजाक में कह रहे हैं कि फिल्मों के बाद अब वोटरों का दिल जीतने की तैयारी चल रही है, तो कुछ का मानना है कि यह सिर्फ एक कूटनीतिक जवाब था। दिलचस्प बात यह है कि भूमि का परिवार पहले से सार्वजनिक जीवन से जुड़ा रहा है, इसलिए राजनीति से उनका रिश्ता बिल्कुल अनजान नहीं है। ऐसे में उनके बयान ने अटकलों को और हवा दे दी है।
