मुख्यपृष्ठखेलपुनीत बालन बने अमेच्योर कबड्डी फाउंडेशन ऑफ महाराष्ट्र के कार्यकारी अध्यक्ष

पुनीत बालन बने अमेच्योर कबड्डी फाउंडेशन ऑफ महाराष्ट्र के कार्यकारी अध्यक्ष

सामना संवाददाता / पुणे

अमेच्योर कबड्डी फाउंडेशन ऑफ महाराष्ट्र (एकेएफएम) ने पुणे के युवा उद्यमी और खेलप्रेमी पुनीत बालन को संगठन का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह निर्णय संगठन की विशेष कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के माध्यम से लिया गया।
पुणे जिले के आलंदी में आयोजित फाउंडेशन की वार्षिक बैठक की अध्यक्षता सपना वाघमोडे ने की। बैठक में भारती जगताप सहित संगठन के पदाधिकारी, सदस्य तथा खेल जगत से जुड़े कई प्रतिनिधि उपस्थित थे। इस दौरान संगठन के भविष्य के रोडमैप, प्रशासनिक सुधारों और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा पेशेवर बनाने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसी दिशा में संगठन ने पुनीत बालन को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया। फाउंडेशन के सदस्यों ने खेलों के विकास में उनके योगदान, प्रशासनिक अनुभव और खेल प्रबंधन की समझ को इस नियुक्ति का प्रमुख आधार बताया। पुनीत बालन लंबे समय से महाराष्ट्र में विभिन्न खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन से जुड़े रहे हैं। उन्होंने कई खेल प्रतियोगिताओं, लीगों और युवा प्रतिभाओं के विकास कार्यक्रमों को सहयोग प्रदान किया है। सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में महाराष्ट्र में कबड्डी प्रशासन को अधिक संगठित, आधुनिक और पेशेवर दिशा मिलेगी।
फाउंडेशन ने बताया कि आने वाले समय में तकनीक के अधिक उपयोग, बेहतर टूर्नामेंट प्रबंधन, खिलाड़ियों के लिए नए अवसरों के निर्माण और संगठन की विश्वसनीयता को और मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रस्ताव सातारा के ज्ञानेश काले ने रखा, जबकि छत्रपति संभाजीनगर के गोकुल तांदले ने उसका अनुमोदन किया। इसके बाद प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई।
नियुक्ति के बाद अपने संबोधन में पुनीत बालन ने संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “कबड्डी हमारी मिट्टी से जुड़ा खेल है और इसे राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पारदर्शिता, पेशेवर नियोजन और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन देना हमारी प्राथमिकता होगी।”
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कबड्डी प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं प्रचार-प्रसार में अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा, ताकि इस पारंपरिक भारतीय खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।

अन्य समाचार