अजय भट्टाचार्य
-माफिया से धर्म बचाओ
क्योटो बन चुकी धर्मनगरी काशी के परिसर में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक बाहुबली व पूर्व एमएलसी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय तक हाथों में तख्तियां लेकर जुलुस निकाला और ‘त्राहिमाम, माफिया से धर्म बचाओ’ जैसे नारे लगाए। उनका कहना था कि धार्मिक संस्थाओं पर किसी भी बाहुबली या विवादित छवि के व्यक्ति का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामला वाराणसी के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध रथयात्रा मेले और अस्सी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट से जुड़ा है। पूर्व एमएलसी इस मंदिर ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी और अध्यक्ष हैं। उनकी छवि को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हमेशा से चर्चाएं होती रही हैं, इसलिए अब विभिन्न हिंदू संगठनों ने इस पर कड़ा एतराज जताया है। संगठनों का सवाल है कि इतने पवित्र मंदिर और ऐतिहासिक मेले के प्रबंधन की कमान ऐसी छवि वाले व्यक्ति के हाथ में क्यों है?
-बाहर करो पर राज्यसभा दो
भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड में शामिल एक सदस्य राज्यसभा सीट पाने के लिए तमाम बड़े लोगों के दरवाजे खटखटा रहे हैं। एक दिन भाजपा के एक बेहद ब़ड़े नेता के घर पहुंचे और राज्यसभा जाने की अपनी इच्छा बताई। बड़े नेता ने रहस्यमयी मुस्कान के साथ कहा, ‘आपको सबसे सम्मानीय बोर्ड में, जहां से नितिन गडकरी और शिवराज सिंह चौहान जैसे नेताओं को बाहर कर दिया गया, में जगह दी गई है। आप तो राज्यसभा और लोकसभा का टिकट देने वाली, मुख्यमंत्री बनाने वाली समिति में हो। अभी आपका जो कद है, उसके सामने राज्यसभा की सीट बहुत छोटी हैं।’ ‘जवाब में राज्यसभाभिलाषी नेता ने हाथ जोड़कर कहा कि भले ही मुझे भी गडकरी और चौहान की तरह बोर्ड से बाहर कर दो, बस राज्यसभा की सीट दे दो।
-गुजरात पुलिस को नया मुखिया जल्द
लंबे अरसे बाद गुजरात पुलिस को जल्द ही एक नया पूर्णकालिक मुखिया मिलेगा। दिल्ली में यूपीएससी की हालिया बैठक में इस नाम को अंतिम रूप दे दिया गया है। सत्ता के गलियारों में चल रही चर्चाओं से संकेत मिलता है कि वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जो वर्तमान में अतिरिक्त प्रभार के रूप में यह पद संभाल रहा है, इस दौड़ में सबसे आगे हैं। उसके के पास सीआईडी (अपराध) के महानिदेशक और जेलों के महानिदेशक के रूप में अपनी नियमित पोस्टिंग भी है। पूर्व पुलिस मुखिया विकास सहाय के पाँच महीने पहले सेवानिवृत्त होने के बाद से यह अधिकारी ही तीनों विभाग संभाल रहा है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)
