– महिला कार्यकर्ता को किया न्यूड वीडियो कॉल
-पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, मामले की जांच जारी
सुनील ओसवाल / मुंबई
महाराष्ट्र की सियासत में विधान परिषद चुनाव की उठापटक के बीच भाजपा से जुड़े एक पदाधिकारी पर लगे सनसनीखेज आरोपों ने राजनीतिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। पार्टी की ही एक महिला कार्यकर्ता ने भाजपा नेता यूसुफ रंगवाला पर आधी रात अश्लील फोन कॉल, न्यूड वीडियो कॉल और मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में मुंबई के डोंगरी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज होने के बाद हड़कंप मच गया है। पदाधिकारी पर आरोप है कि उसने न्यूड कॉल करके कहा कि क्या मैं एक घंटे के लिए आपके घर आ सकता हूं!
जानकारी के मुताबिक, आरोपी यूसुफ रंगवाला भाजपा के कुलाबा विधानसभा क्षेत्र के वॉर्ड नंबर २२४ का अध्यक्ष बताया जा रहा है। महिला की शिकायत के बाद अब यह मामला सीधे भाजपा की साख पर सवाल खड़े कर रहा है। पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि रात करीब दो बजे आरोपी का फोन आया।
वीडियो कॉल पर भाजपाई ने कीं ‘अश्लील हरकतें’!
चाल, चरित्र और चेहरा की बात करनेवाली भाजपा का एक और अश्लील कांड उजागर हुआ है। भाजपा की ही एक महिला कार्यकर्ता ने पार्टी के एक पदाधिकारी पर आधी रात को न्यूड कॉल करने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप के अनुसार, उसने बेहद आपत्तिजनक अंदाज में पूछा, ‘क्या मैं एक घंटे के लिए आपके घर आ सकता हूं?’ महिला ने तुरंत उसे फटकार लगाते हुए साफ इनकार कर दिया। लेकिन इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका। शिकायत के मुताबिक, वह लगातार फोन कर महिला पर दबाव बनाता रहा। महिला ने आरोप लगाया कि बार-बार कॉल और मैसेज कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
मामला तब विस्फोटक बन गया जब आरोपी ने कथित तौर पर व्हॉट्सऐप पर वीडियो कॉल किया। महिला का आरोप है कि उस दौरान यूसुफ रंगवाला नग्न अवस्था में था और उसने वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें कीं। इस घटना के बाद महिला बुरी तरह डर गई और मानसिक तनाव में चली गई।
डोंगरी पुलिस में मामला दर्ज
शिकायत सामने आते ही डोंगरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लैंगिक उत्पीड़न समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा की जांच में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक सबूतों के आधार पर आगे कड़ी कार्रवाई हो सकती है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब महाराष्ट्र में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल पहले से गरम है। मुंबई की राजनीति में अब इस सवाल की चर्चा तेज है कि महिला सुरक्षा और संस्कारों की बात करने वाली पार्टी अपने ही नेताओं पर लगे इतने गंभीर आरोपों पर क्या रुख अपनाएगी? फिलहाल, पुलिस जांच जारी है और पूरे मामले पर सबकी नजर टिकी हुई है।
