मुख्यपृष्ठसमाचार“लाइए, मैं रुपये गिन देता हूं…” और 60 हजार लेकर भाग निकला...

“लाइए, मैं रुपये गिन देता हूं…” और 60 हजार लेकर भाग निकला शातिर, CCTV में कैद हुई करतूत

राजेश सरकार / प्रयागराज

यूपी पुलिस लगातार लोगों को अनजान व्यक्तियों से किसी भी प्रकार की मदद न लेने की सलाह देती रही है। इसके लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग सतर्कता नहीं बरत रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गंगानगर झूंसी क्षेत्र में सामने आया है, जहां एक ठेकेदार को रुपये गिनने में मदद करने के बहाने एक शातिर टप्पेबाज ने 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
गंगानगर झूंसी थाना क्षेत्र में एक उचक्के ने बैंक के अंदर ही ठेकेदार को अपना शिकार बनाया। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, कटका निवासी ठेकेदार रमेश निषाद छतनाग रोड स्थित इंडियन बैंक में रुपये निकालने पहुंचे थे। बैंक से 60 हजार रुपये निकालने के बाद वह बैंक में रखे सोफे पर बैठकर रकम गिन रहे थे। इसी दौरान उनके बगल में खड़ा एक अज्ञात युवक उनके पास पहुंचा और रुपये गिनने में मदद करने की बात कहने लगा।
रमेश निषाद ने उस पर भरोसा करते हुए जैसे ही 60 हजार रुपये युवक के हाथ में दिए, वह रकम लेकर बैंक के अंदर से तेजी से दौड़ते हुए बाहर निकल गया। जब तक रमेश निषाद कुछ समझ पाते और शोर मचाते, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
घटना के बाद पीड़ित ने झूंसी थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में पीली टी-शर्ट पहने एक संदिग्ध युवक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि यह युवक कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल झूंसी पुलिस को सूचित करें, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

अन्य समाचार