मुख्यपृष्ठखबरें९०% को ‘अपात्र’ कर बेघर करने की साजिश! ...सांसद वर्षा गायकवाड का...

९०% को ‘अपात्र’ कर बेघर करने की साजिश! …सांसद वर्षा गायकवाड का जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाने वाले अडानी समूह के हित में भाजपा सरकार धारावी के लोगों को बेघर करने की कोशिश कर रही है। आलम यह है कि स्थानीय निवासियों को यह तक नहीं बताया जा रहा कि उन्हें घर कहां मिलेगा। पुलिस, गुंडों, दलालों और सरकारी मशीनरी के जरिए लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है। वर्षों से धारावी में रह रहे करीब ९० प्रतिशत लोगों को अपात्र घोषित कर बेघर करने की बड़ी साजिश रची जा रही है। इसीलिए सरकार की पूरी व्यवस्था अडानी के लिए काम कर रही है। इन शब्दों में जोरदार हमला करते हुए कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड ने चेतावनी दी कि धारावीकरों को विश्वास में लिए बिना एक ईंट भी नहीं हिलने दी जाएगी।
मीडिया से बातचीत में गायकवाड ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता की आवाज सुनाई नहीं देती, उन्हें सिर्फ अडानी का हित दिखाई देता है। धारावी के लोगों को अंधेरे में रखा जा रहा है। न तो मनपा अधिकारी जानकारी दे रहे हैं और न ही बातचीत के लिए तैयार हैं। लोगों को यह नहीं बताया जा रहा कि उन्हें घर और दुकान कहां मिलेंगे। दस्तावेज होने के बावजूद लोगों को अपात्र घोषित करना अन्याय है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल घर की नहीं, बल्कि अस्तित्व की है। वर्षा ने मांग की कि धारावी के लघु उद्योगों का पुनर्वास उसी क्षेत्र में किया जाए। धार्मिक स्थलों का पुनर्वास और कोलीवाड़ों का सीमांकन भी किया जाए। साथ ही शाहू नगर जैसी बड़ी बस्तियों पर जल्द निर्णय लेकर उनका पुनर्वास भी धारावी में ही किया जाए।

अन्य समाचार