अयोध्या। वेब सीरीज फिल्म “दिल चीर के देख” की शूटिंग पिछले कई दिनों से अयोध्या में जारी है। गुप्तार घाट पर शूटिंग पूरी करने के बाद अब शहर के विभिन्न स्थानों पर फिल्मांकन किया जा रहा है। शूटिंग देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है।
मुंबई से आई फिल्म यूनिट के प्रोड्यूसर सचिन पांडेय ने बताया कि “बॉम्बे शो स्टूडियोज” के बैनर तले बन रही यह फिल्म “सोनी लिव” के लिए तैयार की जा रही है और इसकी शूटिंग अयोध्या के कई प्रमुख स्थानों पर की जा रही है।
फिल्म के निर्देशक धर्मेश पटेल के अनुसार, यूनिट में करीब 200 से 250 सदस्य शामिल हैं, जो सुबह से रात तक लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह वेब सीरीज अयोध्या की पृष्ठभूमि पर आधारित है और शहर के विभिन्न मंदिरों व ऐतिहासिक स्थलों पर इसके दृश्य फिल्माए जा रहे हैं।
फिल्म की नायिका एंजेल राय हैं, जो फिल्म में शालिनी का किरदार निभा रही हैं। नई दिल्ली की मूल निवासी एंजेल राय मुंबई में रहकर कई म्यूजिक एल्बम के जरिए अपनी पहचान बना चुकी हैं। उनके लोकप्रिय गानों में “जब छाए मेरा जादू” और “रांझणा” शामिल हैं, जिनसे उन्हें खास पहचान मिली। हाल ही में उनकी वेब सीरीज “घोटाला” भी रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया।
एंजेल राय के इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर 25.2 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं, जो उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है। फिल्म में उनके साथ अभिनेता अनुज सिंह ढाका मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
शूटिंग के दौरान उमड़ रही भीड़ और स्थानीय लोगों का उत्साह यह दर्शाता है कि अयोध्या अब फिल्म और वेब सीरीज निर्माण के लिए एक उभरता हुआ केंद्र बनता जा रहा है।
