उमेश गुप्ता / वाराणसी
जैतपुरा थाना क्षेत्र के बगवानाला स्थित भारत नगर में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आस-पास के घरों तक फैल गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गोदाम में जमा ज्वलनशील कबाड़ में चिंगारी लगने से आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में घना धुआं और तेज गर्मी फैलने लगी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गलियों और घनी आबादी के चलते दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। इसके कारण आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग के दौरान गोदाम और आसपास रखे कई गैस सिलेंडर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे जोरदार धमाकों के बीच इलाके में भगदड़ मच गई। बस्ती की झुग्गी-झोपड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। बताया जा रहा है कि यहां रहने वाले अधिकांश लोग बंगाल मूल के हैं, जो कबाड़ बीनकर गुजर-बसर करते हैं। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे जनहानि टल गई। हालांकि कई परिवारों का सामान जलकर राख हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। इस घटना ने एक बार फिर घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और संकरी गलियों की समस्या को उजागर कर दिया है, जो आपदा के समय राहत कार्य में बड़ी बाधा बनती है। बता दे कि अप्रैल और मई माह आगजनी की घटनाएं काफी होती है,जिसको लेकर अग्निशमन दल विशेष तैयारी करके रखता है।
