राजेश सरकार
प्रयागराज। यमुनानगर जोन के कौंधियारा थाना क्षेत्र के गढ़वाकला गांव में एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। रविवार सुबह बंद कमरे से पति-पत्नी के शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि बच्चे जब पिता को जगाने पहुंचे तो दरवाजा नहीं खुला। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस के अनुसार, घर वालों ने रोशनदान और खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां का दृश्य बेहद भयावह था। पत्नी पूर्णिमा (34) का शव जमीन पर पड़ा था, जबकि पति अनिल तिवारी (36) का शव छत के लोहे के कुंडे से लटका मिला।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शनिवार रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। दंपती के रिश्ते में लंबे समय से तनाव और खटास की बात भी सामने आई है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अनिल को नशे की लत थी, जिसके चलते अक्सर घर में मारपीट होती थी। हाल ही में इस संबंध में थाने में शिकायत भी दी गई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मामले ने नया मोड़ तब लिया, जब अनिल की एक पुरानी शिकायत सामने आई। इसमें उसने पत्नी के संदिग्ध संपर्कों और अज्ञात लोगों से धमकी मिलने की बात कही थी। इस खुलासे ने घटना को और अधिक रहस्यमय बना दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अब यह देखना अहम होगा कि यह मामला महज घरेलू विवाद का परिणाम है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है।
