मुख्यपृष्ठअपराधदूल्हे को फंसाने के लिए की रीति-रिवाज से शादी...घर साफ कर फरार...

दूल्हे को फंसाने के लिए की रीति-रिवाज से शादी…घर साफ कर फरार हो जाती थी दुल्हन… काशीमीरा पुलिस ने ठग गिरोह का किया पर्दाफाश

सुरेश गोलानी / भायंदर

काशीमीरा पुलिस ने शादी का झूठा खेल रचाकर ठगी को अंजाम देने वाले ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का भंडाफोड़ करने में कामयाबी हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने फर्जी दुल्हन सहित दो लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने मीरा रोड के शांति नगर इलाके में रहने वाले एक ५३ वर्षीय इस्टेट एजेंट को शादी कराने का झांसा देकर अपना निशाना बनाया।
आरोपियों ने दिसंबर २०२५ में शिकायतकर्ता को अहिल्यानगर की एक सुशील लड़की का रिश्ता सुझाया। पहले तो शादी तय कराने के नाम पर गिरोह ने शिकायतकर्ता से ४४,७५० रुपए ऐंठ लिए। रीति-रिवाजों के साथ शादी हुई, फेरे लिए गए और रस्में भी पूरी हुर्इं, लेकिन शादी के एक महीने के भीतर ही दुल्हन-नेहा अरुण खंडेलवाल उर्फ जन्नत अपने दूल्हे के घर से सोने के गहने, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चुरा कर रफू चक्कर हो गई। चुराई गई वस्तुओं की कुल कीमत ४ लाख ७६ हजार बताई जा रही है। शिकायत मिलने पर काशीमीरा पुलिस ने २८ जनवरी २०२६ को गिरोह के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उपआयुक्त (जोन १) राहुल चव्हाण के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने एक विशेष जांच दल का गठन किया। तकनीकी विश्लेषण और खबरी नेटवर्क से मिली जानकारी के आधार पर जांच दल ने फर्जी दुल्हन-नेहा अरुण खंडेलवाल उर्फ जन्नत और उसके ४५ वर्षीय साथी केसरीमल लक्ष्मीलाल रांका को १३ अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। जन्नत और केसरीमल क्रमश अहिल्यानगर और नासिक के देवलाली इलाके के रहने वाले हैं।
अब तक कई लोग बन चुके हैं शिकार
पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली की आरोपी इस खेल के मंजे हुए खिलाड़ी हैं जो बेहद संगठित तरीके से इस अपराध को अंजाम देते हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह ने संगमनेर (अहिल्यानगर), जोगेश्वरी, बोरिवली और जलगांव के पाचोरा में कई लोगों को निशाना बनाया और शादी का झांसा देकर उनको लूट लिया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले आगे की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने अपील की है कि अनजान बिचौलियों और बाहरी राज्यों से आने वाले रिश्तों के मामले में पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही कोई पैâ सला लें।

अन्य समाचार