मुख्यपृष्ठसमाचारबाराबंकी के फतेहपुर में दिल दहलाने वाला हादसा, बेकाबू डंपर ने सोते...

बाराबंकी के फतेहपुर में दिल दहलाने वाला हादसा, बेकाबू डंपर ने सोते परिवार को रौंदा, 4 की मौत

बाराबंकी। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घायल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बिजली न होने के कारण परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार बेकाबू डंपर गांव के पास पहुंचा। अनियंत्रित डंपर ने पहले सड़क किनारे खड़े पेड़ में जोरदार टक्कर मारी, फिर बाहर सो रहे परिवार को कुचल दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़े और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने नीरज 35 वर्ष, बेटे अनुराग 13 वर्ष, अंशू 6 वर्ष और बेटी अंशिका 10 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। पत्नी आरती 35 वर्ष की हालत नाजुक होने पर डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ रेफर किया गया।

मृतक नीरज किराए पर मैजिक चलाकर परिवार पालते थे। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। एक साथ चार मौतों से गांव में मातम पसरा है। ग्रामीणों में आक्रोश है।

अन्य समाचार