मुख्यपृष्ठनए समाचारसरकार के दावों पर करारा तमाचा... हाईवे पर बक्से में मिली महिला की...

सरकार के दावों पर करारा तमाचा… हाईवे पर बक्से में मिली महिला की लाश…अपराधियों के हौसले बुलंद

राजेश सरकार / प्रयागराज

यूपी में कानून-व्यवस्था के दावों की हकीकत एक बार फिर सड़क पर बिखरी नजर आई। संगम नगरी के पड़ोसी जिले कौशाम्बी के कोखराज थानाक्षेत्र में हाईवे पर कार सवार बदमाश एक बक्सा फेंककर फरार हो गए और जब पुलिस पहुंची, तो उस बक्से में एक अज्ञात महिला का शव मिला। यह घटना सीधे-सीधे शासन-प्रशासन की चौकसी पर सवाल खड़े करती है। सूचना मिलते ही सीओ सिराथू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी कानून को ठेंगा दिखाकर गायब हो चुके थे। फॉरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस द्वारा पंचायतनामा समेत अन्य जरूरी कार्रवाई की जा रही है। मगर सवाल यह है कि इतनी बड़ी वारदात हाईवे जैसे व्यस्त इलाके में कैसे हो गई? जिस प्रदेश में अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा किया जाता है, वहां इस तरह शव को बक्से में भरकर खुलेआम फेंक देना न सिर्फ पुलिस की गश्त व्यवस्था की पोल खोलता है, बल्कि अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को भी उजागर करता है। महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर ठिकाने लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सुराग जुटाने में लगी है, लेकिन सवाल वही है कि क्या हर बार घटना के बाद ही सिस्टम जागेगा? कौशाम्बी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का गृह जनपद है, वहां इस तरह की घटना ने सरकार के दावों की साख पर सीधा प्रहार किया है। अब देखना यह होगा कि यह मामला भी बाकी घटनाओं की तरह ठंडे बस्ते में जाता है या वाकई जिम्मेदारों तक कानून का हाथ पहुंचता है।

अन्य समाचार