जेदवी / मुंबई
सोशल मीडिया के जरिए पनपी मोहब्बत का सफर एक दर्दनाक हादसे में खत्म हो गया। शादी की तारीख तय करने के इरादे से पहली बार मिलने पहुंचे युवक और युवती को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि यह मुलाकात उनकी जिंदगी की सबसे भयावह याद बन जाएगी। जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर) पर तेज रफ्तार लग्जरी बस ने उनकी बाइक को ऐसी टक्कर मारी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान दीपेन जैन के रूप में हुई है, जबकि घायल युवती नालासोपारा की निवासी बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, करीब छह महीने पहले दोनों की पहचान एक मोबाइल ऐप के जरिए हुई थी। बातचीत का सिलसिला बढ़ा तो रिश्ता शादी तक पहुंच गया। दोनों ने मुलाकात कर भविष्य को लेकर पैâसला करने की योजना बनाई थी।
रविवार दोपहर दीपेन अंधेरी रेलवे स्टेशन पर युवती से मिला। इसके बाद दोनों बाइक से जुहू गए और काफी समय साथ बिताने के बाद आरे कॉलोनी के रास्ते अंधेरी लौट रहे थे। रात करीब पौने आठ बजे जैसे ही उनकी बाइक जेवीएलआर पुल पर पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही लग्जरी बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। हादसे के दौरान बस का पहिया दीपेन के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वहीं युवती भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज
सूचना मिलते ही जोगेश्वरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपेन को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बस चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन गुस्साए स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर प्रसाद जाधव के खिलाफ मामला दर्ज किया।
