राजेश सरकार / प्रयागराज
यमुनानगर के घूरपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने आई महिला की जान चली गई। घटना कांदी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप की है।जानकारी के अनुसार, महिला अपने बेटे के साथ बाइक से प्रयागराज आ रही थी। रास्ते में पेट्रोल भरवाने के लिए वह कांदी स्थित पेट्रोल पंप पर रुकी। पेट्रोल भरवाने के दौरान महिला बाइक से उतरकर किनारे खड़ी हो गई। इसी बीच मध्य प्रदेश नंबर की एक कार अचानक अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप परिसर में पहुंची और महिला को जोरदार टक्कर मारते हुए उसके ऊपर चढ़ गई। हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल महिला को कार के नीचे से बाहर निकाला और पास के एक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कार चालक तथा वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर फरार कार और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
