राजेश सरकार
प्रयागराज। शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर यमुनापार क्षेत्र के करछना तहसील के भरहा गांव में एक युवक पानी से भरे गहरे कुएं में गिर गया। ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस व फायर ब्रिगेड की तत्परता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के अनुसार युवक ने अपना नाम रवि कुमार भारतीया (24) पुत्र राधेश्याम भारतीया बताया है। वह कैथी गांव का निवासी है।
गुरुवार सुबह गांव का एक व्यक्ति शौच के लिए खेतों की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसे पास के एक बिना जगत वाले कुएं के अंदर से किसी के आवाज देने की ध्वनि सुनाई दी। संदेह होने पर उसने कुएं के अंदर झांककर देखा तो एक युवक उसमें गिरा हुआ दिखाई दिया। यह देखकर उसने तुरंत गांव के अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक को बाहर निकालने के लिए रस्सी की व्यवस्था करने लगे। इसी बीच ग्रामीणों ने घटना की जानकारी करछना थाना पुलिस को भी दे दी।
सूचना मिलते ही करछना थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से सावधानीपूर्वक युवक को कुएं से बाहर निकाल लिया। युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद प्राथमिक जांच की गई। राहत की बात यह रही कि युवक को कोई गंभीर चोट नहीं आई थी। इसके बाद उसे उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। इस घटना के बाद गांव में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। ग्रामीणों ने समय रहते युवक की आवाज सुनकर सूचना देने वाले व्यक्ति और राहत कार्य में जुटे पुलिस तथा फायर ब्रिगेड कर्मियों की सराहना की।
