मुख्यपृष्ठसमाचारगया कॉलेज में एबीवीपी का उग्र प्रदर्शन, प्राचार्य कार्यालय का घेराव

गया कॉलेज में एबीवीपी का उग्र प्रदर्शन, प्राचार्य कार्यालय का घेराव

“नैना को न्याय दो” के नारों से गूंजा परिसर

अनिल मिश्र / पटना

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में गया कॉलेज में शनिवार को छात्र-छात्राओं का भारी आक्रोश देखने को मिला। छात्रा नैना के साथ हुई घटना को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और सैकड़ों छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य कार्यालय का घेराव किया।
पूरे परिसर में “नैना को न्याय दो”, “छात्रा सम्मान से समझौता नहीं चलेगा” और “दोषियों पर कार्रवाई करो” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित छात्रा को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक परिषद का आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन मामले को दबाने और लीपापोती करने का प्रयास कर रहा है, जिसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जीबीएम कॉलेज अध्यक्ष वैष्णवी कुमारी ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मसम्मान से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कॉलेज प्रशासन ने अविलंब निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो छात्र शक्ति सड़क से लेकर विश्वविद्यालय तक उग्र आंदोलन करेगी।
वहीं महानगर मंत्री आदित्य मिश्रा ने कहा कि छात्र हितों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन एबीवीपी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ हमेशा मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित छात्रा को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन नहीं रुकेगा।
प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन एबीवीपी कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अडिग रहे। इस दौरान छात्र नेताओं और कर्मचारियों के बीच झड़प भी हुई। बाद में डीएसपी मौके पर पहुंचे और छात्र नेताओं को समझाकर स्थिति शांत कराई।
लगातार बढ़ते छात्र आक्रोश और आंदोलन के दबाव के बाद कॉलेज प्रशासन को एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता करनी पड़ी। वार्ता के बाद कॉलेज प्रशासन ने लिखित आश्वासन जारी किया, जिसमें एबीवीपी की प्रमुख मांगों को स्वीकार किया गया।
कॉलेज प्रशासन के प्रमुख आश्वासन
* घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी।
* जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी, कर्मचारी अथवा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
* पीड़ित छात्रा के समुचित उपचार का पूरा खर्च महाविद्यालय प्रशासन वहन करेगा।
* महाविद्यालय परिसर और परीक्षा केंद्रों पर छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।
* आगामी सभी परीक्षाओं में बिहार परीक्षा अधिनियम-1981 एवं मगध विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
* मामले में किसी प्रकार की लापरवाही या लीपापोती नहीं की जाएगी।
एबीवीपी गया महानगर ने कहा कि परिषद प्रशासन के हर कदम पर नजर बनाए हुए है। यदि जांच में किसी प्रकार की ढिलाई, पक्षपात या लीपापोती हुई, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर मोहित भदोरिया, सूरज सिंह, आदित्य मिश्रा, मैक्स अवस्थी, पवन मिश्रा, राहुल सिंह, वैष्णवी कुमारी, माही सिंह, चंदन शर्मा, अंकित शर्मा, आयुष शर्मा, यशवंत शर्मा, दीपांशु, अनीश मिश्रा, निकेश कुमार, नीरज सिंह, रितिक रोशन, विशाल दास, सोनी, सोनाली, पुरुषोत्तम, अंजलि, मुस्कान, श्रेया, लवली, शशिकांत ऋषभ, लक्ष्मीकांत, विनीत, रोहित रंजन और मुस्कान कुमारी समेत कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
गौरतलब है कि शुक्रवार को गया कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षा के दौरान एक छात्रा ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी थी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को तत्काल गया शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना को लेकर छात्र-छात्राओं और विभिन्न छात्र संगठनों के बीच लगातार चर्चा बनी हुई है।

अन्य समाचार