एग्जिट पोल में ममता बनर्जी की जीत से चौंकी बीजेपी
सामना संवाददाता / कोलकाता
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ में जहां भाजपा बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं दो बड़े एग्जिट पोल में ममता बनर्जी की धमाकेदार वापसी के संकेत मिले हैं। दोनों सर्वे में तृणमूल कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है, जबकि सत्ता की दौड़ में भाजपा बहुत पीछे नजर आ रही है।
इन रुझानों ने बंगाल की सियासत में हलचल मचा दी है और भाजपा खेमे को बड़ा झटका माना जा रहा है। अगर ये अनुमान नतीजों में बदलते हैं, तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी करेंगी। यह स्पष्ट दिख रहा है कि भाजपा बंगाल में मजबूत विपक्ष के रूप में तो रह सकती है, लेकिन उसका सत्ता तक पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा है। पीपुल्स पल्स एग्जिट पोल के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस व अन्य दलों के गठबंधन को १७७ से १८७ सीटें मिलने का अनुमान है। यह आंकड़ा सरकार बनाने के लिए पर्याप्त बहुमत दर्शाता है। वहीं भाजपा को ९५ से ११० सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। कांग्रेस को १ से ३ सीटें और वाम दलों को ० से १ सीट मिलने का अनुमान है। जनमत पोल्स ने भी तृणमूल कांग्रेस की बड़ी जीत का अनुमान जताया है। इस सर्वे के मुताबिक, टीएमसी को १९५ से २०५ सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा ८० से ९० सीटों पर सिमटती दिख रही है। कांग्रेस को १ से ३ सीटें और वाम दलों को ० से १ सीट मिलने का अनुमान जताया गया है।
`महिलाओं और बच्चों को
पीट रही है सीआरपीएफ’
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी केंद्र सरकार पर जमकर बरसीं। उन्होंने आरोप लगाया है कि सीआरपीएफ भाजपा को बचाने में जुटी है। ममता ने कोलकाता में कहा कि किसी बूथ पर बंगाल पुलिस नहीं है, सीआरपीएफ ने सब कब्जे में ले लिया है। ममता बनर्जी ने कहा कि कल रात से ही सीआरपीएफ के अत्याचार शुरू हो गए। उन्होंने हमारे कई लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा।
