-१,१५० करोड़ रुपए का कोकीन जप्त
-पाकिस्तान के रूट से आया था
सामना संवाददाता / मुंबई
गुजरात में अडानी का मुंद्रा पोर्ट ड्रग्स तस्करों का ‘स्वर्ग’ बन गया है। आए दिन वहां से ड्रग्स पकड़ी जा रही है। कल वहां १,१५० करोड़ रुपए का कोकीन जप्त किया गया है। जानकारों का मानना है कि जरूरी नहीं कि ड्रग्स की हर कंसाइनमेंट पकड़ी ही जाए। यदि एक भी कंसाइनमेंट को तस्कर वहां से पार कराने में सफल हो जाते हैं तो यह एक बड़ा खतरा है।
कल गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) और तटरक्षक बल ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब ११८ किलोग्राम कोकीन जब्त की है। कच्छ के मुंद्रा बंदरगाह पर एक नाव में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यह अभियान चलाया।
पूर्व में पकड़े गए मादक पदार्थ
सितंबर २०२१ करीब २,९८८ किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई थी। जुलाई २०२२ में ७५ किलो हेरोइन बरामद हुई थी। २०२१-२२ के दौरान तीन अलग-अलग मामलों में कुल ३,०६३ किलो हेरोइन और ५२ किलो कोकीन पकड़ी गई थी। २०२४ में करोड़ों रुपयों की ट्रामाडोल टैबलेट्स की खेप भी जब्त की गई थी।
कोकीन के साथ पकड़ा गया अफ्रीकी नागरिक!
मुंद्रा पोर्ट पर कोकीन ड्रग्स के साथ पुलिस ने एक जुम्मा नासिर ओमेन नामक अफ्रीकी नागरिक को गिरफ्तार किया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह मादक पदार्थ ब्राजील से पाकिस्तान के रास्ते भारत लाया जा रहा था। तस्कर समुद्री मार्ग का इस्तेमाल कर गुजरात के तट तक ड्रग्स पहुंचाने की तैयारी में थे। वहां से इसे दिल्ली भेजा जाना था। दिल्ली में केल्विन चुकवुमा और ब्यारुहंगा जेम्स नाम के दो लोगों तक यह खेप पहुंचाई जानी थी। अब सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क के अंतर्राष्ट्रीय संबंधों की जांच कर रही हैं।
बंदरगाह पर एटीएस की छापेमारी का पता चलते ही दो तस्करों ने अपने पास मौजूद सभी बैग समुद्र में फेंक दिए। इसके बाद पुलिस ने तटरक्षक बल के जवानों की मदद से समुद्र में फेंके गए पांच बैग बरामद किए। इन बैगों में कुल ११५ पैकेट कोकीन मिले। इस मामले में जुमा नासिर ओमर को गिरफ्तार करने के दौरान उसका साथी निंगिंटे नासोरो जुमान्ने भागने के लिए समुद्र में कूद गया। तटरक्षक बल के जवान फिलहाल उसकी तलाश कर रहे हैं। दोनों आरोपी तंजानिया के निवासी बताए जा रहे हैं।
