-२६ मई को गंगा दशहरा का स्नान पर्व, लाखों श्रद्धालुओं की जुटने की संभावना
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह व पुलिस कप्तान चारू निगम शनिवार की शाम गंगा दशहरा पर्व की तैयारियों का निरीक्षण करने धोपाप धाम जा पहुंचे। इस विशाल मेले में अपार श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए मेला आयोजक सामाजिक कार्यकर्ताओं से भेंट मुलाकात की।
इस बाबत आयोजित बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह, पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी व विभिन्न तहसीलों के डिप्टी कलेक्टर व प्रदेश महामंत्री भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल रवीन्द्र त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे। बैठक में मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों व मंदिर परिसर के पुजारियों ने गत वर्षों में मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पायी गई कमियों से जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक महोदय को अवगत कराया। बताया कि मेला में अत्यधिक भीड़ होने के कारण चेन स्नेचिंग की घटनाएं होती हैं, जिससे निपटने के लिये अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की जाय। इसी प्रकार मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों द्वारा पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन व्यवस्था, स्नान घाट आदि से सम्बन्धित समस्याओं के प्रति अधिकारियों का ध्यान आकार्षित किया गया।
जिलाधिकारी सिंह ने स्थलीय निरीक्षण के दौरान सभी आधारभूत सुविधाओं घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा के दृष्टिगत घाट का निर्माण, लॉ एण्ड ऑर्डर, सीसीटीवी कैमरा, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, वालेन्टिर्स की नियुक्ति, एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की तैनाती, वैरीकेटिंग, मोबाइल टॉयलेट, आने वाले श्रद्धालुओं के लिये स्नान घाट, पार्किंग स्थल, आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, महिलाओं के लिये चेंजिंग रूम, स्थल की सजावट, जनरेटर, आपदा प्रबन्धन विभाग द्वारा उपलब्ध कराये गये गोताखोर, लाइफ जैकेट, बालू वाली बोरी का घाट, चौराहों पर हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था, खोया-पाया केन्द्र आदि के बारे में आवश्यक बैठक कर सम्बन्धित अधिकारियों को ससमय व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होने श्रद्धालुओं के वाहन पार्किंग के लिये स्थानों का निरीक्षण किया व सम्बन्धित एसडीएम को निर्देशित किया कि पूरे मेला परिसर का एक नजरी नक्शा बनाकर प्रस्तुत करें।
पुलिस अधीक्षक ने सम्बन्धित अधिकारी को पार्किंग व रूट प्लान बनाकर प्रस्तुत करने को निर्देशित किया। अफसरों ने निर्देश दिए कि धोपाप धाम के स्थलों की साफ-सफाई, स्नान स्थल वैरीकेटिंग लगाने व समतलीकरण कराना सुनिश्चित करायें। घाट की मरम्मत, मोबाइल टायलेट व घाट के आस-पास सजावटी पेन्टिंग कराने के निर्देश दिये। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने विभाग से सम्बन्धित समस्त दायित्वों व तैयारियों को ससमय कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने धोपाप धाम पर विद्युत की व्यवस्था, सजावटी लाइटें, जनरेटर आदि की व्यवस्था कराने के लिये भी निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक ने सम्बन्धित पुलिस क्षेत्राधिकारी व ट्रैफिक पुलिस को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इसलिये महिला सुरक्षाकर्मी, जल पुलिस, पर्याप्त पुलिस बल, पार्किंग स्थल का हर तरफ से रूटचार्ट बना लें तथा इसका कड़ाई से अनुपालन किया जाय।
