मुख्यपृष्ठसमाचारखनन माफियाओं पर प्रशासनिक प्रहार…. चार दिन में 102 वाहन सीज, वसूले...

खनन माफियाओं पर प्रशासनिक प्रहार…. चार दिन में 102 वाहन सीज, वसूले 41 लाख

राजेश सरकार / प्रयागराज

जनपद में अवैध खनन और उपखनिजों के काले कारोबार पर प्रशासन ने बड़ा शिकंजा कसते हुए लगातार चार दिनों तक विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के नेतृत्व में गठित टास्क फोर्स टीम ने जिले भर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया।
24 मई से 27 मई तक चले अभियान में सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त, परिवहन विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीमों ने 119 संदिग्ध खनन स्थलों पर जांच और छापेमारी की। जांच के दौरान 09 स्थानों पर अवैध खनन पकड़ा गया, जहां संलिप्त वाहनों और खननकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में उपखनिजों का परिवहन कर रहे 1624 वाहनों की जांच की। कार्रवाई के दौरान ओवरलोडिंग और बिना वैध
वहन प्रपत्र के संचालित 102 वाहनों को विभिन्न थानों में सीज कर दिया गया। इसके साथ ही लगभग 41.22 लाख रुपये का राजस्व भी वसूला गया। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे 76 वाहनों पर भी सीज और चालानी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध खनन और नियमों को ताक पर रखकर कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

अन्य समाचार