मुख्यपृष्ठस्तंभमहंगाई का चौतरफा अटैक...देशवासियों को झटके पर झटका

महंगाई का चौतरफा अटैक…देशवासियों को झटके पर झटका

अरुण कुमार गुप्ता

देश में बीते ४८ घंटे में एक के बाद एक कई चीजें महंगी हो गई हैं और देश की जनता पर महंगाई का चौतरफा अटैक है। पीएम नरेंद्र मोदी की अपील के बाद जैसे ही सरकार ने सोना-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाई, वैसे ही सोने-चांदी के दामों में तेजी आ गई। सिर्फ सोना ही नहीं, इसके बाद देश में दूध के दाम बढ़े, सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी की गई और अब पेट्रोल-डीजल पर महंगाई का बम फूट गया है। शुक्रवार १५ मई से देश में पेट्रोल, डीजल ३ रुपए प्रति लीटर तक महंगे हो गए हैं।
पहला अटैक : सोना-चांदी की कीमतों में उछाल
पिछले रविवार को पहली बार पीएम मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए लोगों से एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की थी और इसे २४ घंटे में ही दो बार दोहराया था। इसके बाद सरकार की ओर से अचानक सोने पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ा दी गई और फिर एमसीएक्स से लेकर घरेलू मार्वेâट तक में सोना-चांदी का भाव छलांग लगा गया। इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने की खबर आते ही, सोना ११,००० रुपए तो चांदी २२,००० रुपए तक महंगी हो गई थी।
दूसरा अटैक: दूध की कीमतें बढ़ीं
सोना-चांदी के बाद महंगाई का दूसरा बम दूध पर फूटा और अमूल से लेकर मदर डेयरी तक ने अपने पैकेज्ड दूध की कीमतों में इजाफा कर देश के लोगों को झटका दिया। अमूल दूध की कीमतों में २ रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई तो इसके तुरंत बाद मदर डेयरी ने भी अपने दूध के दाम दो रुपए बढ़ा दिए। ये नई कीमतें १४ मई से देशभर में लागू हो गर्इं।
तीसरा अटैक: पेट्रोल-डीजल के बढ़ गए दाम
दूध महंगा होने के बाद पेट्रोल-डीजल पर महंगाई का अटैक हुआ। शुक्रवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल- डीजल की कीमतों में ३ रुपए प्रति लीटर का इजाफा कर दिया और नई कीमतें शुक्रवार १५ मई से देशभर में लागू हो गर्इं। ताजा इजाफे के बाद दिल्ली में पेट्रोल ३ रुपए महंगा होकर ९७.७७ रुपए प्रति लीटर हो गया है तो कोलकाता में ये १०८.७४ रुपए (३.२९ रुपए महंगा), मुंबई में १०६.६८ रुपए (३.१४ रुपए महंगा) और चेन्नई में १०३.६७ रुपए (२.८३ रुपए महंगा) प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। डीजल की बात करें, तो दिल्ली में ये अब ९०.६७ रुपए प्रति लीटर, जबकि कोलकाता में ९५.१३ रुपए, मुंबई में ९३.१४ रुपए और चेन्नई में ९५.२५ रुपए प्रति लीटर हो गया है।
चौथा अटैक: सीएनजी की कीमतें भी बढ़ीं
न सिर्फ देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है, बल्कि सीएनजी ग्राहकों को भी बड़ा झटका लगा है। मुंबई के बाद अब दिल्ली में भी १५ मई से सीएनजी महंगी हो गई और इसकी कीमत २ रुपए प्रति किलो तक बढ़ा दी गई। इस इजाफे के बाद दिल्ली में ७९.०९ रुपए प्रति किलो हो गई है। मुंबई की बात करें तो यहां भी एक दिन पहले सीएनजी २ रुपए महंगी की गई थी और इसके दाम ८२ रुपए से बढ़कर ८४ रुपए हो गए हैं।

अन्य समाचार