सोम प्रकाश
कुछ कहानियां संस्थानों का निर्माण करती हैं, कुछ विरासत गढ़ती हैं और कुछ चुपचाप किसी राष्ट्र को विश्व मानचित्र पर स्थापित कर देती हैं। भारत की अग्रणी निःशुल्क, विज्ञापन-समर्थित दृश्य प्रसारण सेवा अमेज़न एमएक्स प्लेयर ने अपनी आगामी श्रृंखला ‘मेड इन इंडिया-ए टाइटन स्टोरी’ की झलक जारी की है। यह श्रृंखला भारत के सबसे प्रतिष्ठित उपभोक्ता उत्पाद समूहों में से एक टाइटन की प्रेरणादायक यात्रा पर आधारित है।
विनय कामत की चर्चित पुस्तक ‘टाइटन – इंडियाज़ मोस्ट सक्सेसफुल कंज्यूमर ब्रांड’ से प्रेरित इस श्रृंखला में नसीरुद्दीन शाह जेआरडी टाटा की भूमिका में दिखाई देंगे, जबकि जिम सर्भ ज़ेरक्सेस देसाई की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अतिरिक्त वैभव तत्ववादी, नमिता दुबे, लक्षवीर सरन और कावेरी सेठ भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
करण व्यास द्वारा लिखित, रॉबी ग्रेवाल के निर्देशन में निर्मित तथा ऑलमाइटी मोशन पिक्चर्स के निर्माण में तैयार यह छह भागों की श्रृंखला महत्वाकांक्षा, मार्गदर्शन और उत्कृष्टता की निरंतर खोज को दर्शाती है, जिसने एक साधारण विचार को राष्ट्रीय विरासत में बदल दिया।
उदारीकरण से पहले के भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित यह कथा दूरदर्शी उद्योगपति ज़ेरक्सेस देसाई की दृष्टि से टाइटन की उल्लेखनीय सफलता को सामने लाती है। इसमें एक भारतीय घड़ी निर्माण संस्था खड़ी करने के साहसिक विचार को दिखाया गया है, जो धीरे-धीरे राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक बन जाती है। विरोध और अनिश्चितताओं के बीच भी ज़ेरक्सेस देसाई और जेआरडी टाटा इस विश्वास पर अडिग रहते हैं कि भारत अपने बल पर विश्वस्तरीय निर्माण कर सकता है।
अमेज़न एमएक्स प्लेयर के विषय-वस्तु प्रमुख अमोघ दुसाद ने कहा कि यह श्रृंखला केवल एक प्रतिष्ठित संस्था की यात्रा नहीं, बल्कि भारत की महत्वाकांक्षा, आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता की भावना का जीवंत चित्रण है। उन्होंने कहा कि यह कथा उन दूरदर्शी व्यक्तित्वों को सम्मान देती है, जिन्होंने भारत में विश्वस्तरीय उद्योगों की नींव रखी।
नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि जेआरडी टाटा की दूरदृष्टि और लोगों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करने की क्षमता उन्हें सबसे अधिक प्रभावित करती है। उनके अनुसार यह केवल एक उद्योग की कहानी नहीं, बल्कि विश्वास, साहस और लोगों के सामर्थ्य की कथा है।
वहीं जिम सर्भ ने कहा कि ज़ेरक्सेस देसाई एक ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने परंपराओं को चुनौती देने और असंभव प्रतीत होने वाले विचारों को साकार करने का साहस दिखाया। उन्होंने कहा कि यह कथा महत्वाकांक्षा के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और दृढ़ निश्चय को भी गहराई से प्रस्तुत करती है।
‘मेड इन इंडिया-ए टाइटन स्टोरी’ का प्रथम प्रदर्शन ३ जून २०२६ को होगा। यह श्रृंखला विशेष रूप से अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।
