मुख्यपृष्ठनए समाचारअमरावती कांड :  आरोपी संग पुलिस का जश्न...केक काटते दिखे वर्दीधारी!..६ पुलिसकर्मी...

अमरावती कांड :  आरोपी संग पुलिस का जश्न…केक काटते दिखे वर्दीधारी!..६ पुलिसकर्मी अटैच

सुनील ओसवाल / अमरावती

अमरावती के सनसनीखेज अत्याचार कांड ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है। लड़कियों को जाल में फंसाकर उनके साथ अश्लील हरकतें और अत्याचार करने वाले मुख्य आरोपी अयान अहमद के साथ पुलिसकर्मियों का केक काटते हुए वीडियो सामने आने से पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह वीडियो पुराना है, लेकिन इससे उठे सवालों ने पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस वीडियो में परतवाड़ा पुलिस थाने से जुड़े कुछ पुलिसकर्मी आरोपी के साथ जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो पुलिस अधीक्षक तक पहुंचते ही तत्काल कार्रवाई की गई। परतवाड़ा थाने के एक सहायक पुलिसनिरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों को मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। साथ ही घटना के समय और स्थान की सविस्तार जांच के आदेश दिए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि अयान अहमद लड़कियों को घुमाने के बहाने अपने साथ ले जाता था और सुनसान जगहों पर उनके साथ गैरवर्तन करता था। वझ्झर डैम, परतवाड़ा शहर के तीन और अमरावती शहर के दो वैâफे-ऐसी पांच जगहों का इस्तेमाल इस अपराध के लिए किया गया। इसके अलावा कठोरा नाका इलाके में एक फ्लैट का भी उपयोग किया गया, जहां एक पीड़िता के साथ अत्याचार किए जाने का वीडियो भी सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि अब तक कोई भी पीड़िता खुलकर सामने नहीं आई है। हालांकि, करीब पंद्रह दिन पहले एक लड़की अपने परिजनों के साथ शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंची थी, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज हुई या नहीं, यह अब जांच का विषय है। मामले की गहन जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
पुलिस ने अब तक इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसियां इन डिवाइसेस से डेटा निकालने में जुटी हैं, जिससे और खुलासे होने की संभावना है। पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने कहा है कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार