मुख्यपृष्ठनए समाचार‘अमृत भारत' एक्सप्रेस या ‘अव्यवस्था एक्सप्रेस’? ...बुलेट ट्रेन के सपने और प्यास...

‘अमृत भारत’ एक्सप्रेस या ‘अव्यवस्था एक्सप्रेस’? …बुलेट ट्रेन के सपने और प्यास से जूझती जनता! …१२ घंटे बिना पानी यात्रियों ने की यात्रा

लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब `अमृत भारत एक्सप्रेस’ के यात्रियों ने पानी की भारी किल्लत को लेकर नाराजगी जताई। आरोप है कि यात्रियों को करीब १२ घंटे तक सामान्य पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं हो सका।
एक तरफ देश में आधुनिक और तेज रफ्तार ट्रेनों के सपने दिखाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम यात्री बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझता नजर आ रहा है। यह घटना रेलवे व्यवस्था की जमीनी हकीकत को उजागर करती है।
यात्रियों का आक्रोश केवल पानी की कमी को लेकर नहीं था, बल्कि यह रेलवे के ढुलमुल रवैये और कुप्रबंधन के खिलाफ भी था। कई यात्रियों ने बताया कि शिकायत के बावजूद समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विशेषज्ञ मानते हैं कि केवल नई योजनाओं और ट्रेनों के नाम बदलने से व्यवस्था नहीं सुधरती। असली सुधार तब दिखता है, जब यात्रियों को सफर के दौरान बुनियादी सुविधाएं जैसे पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि क्या प्राथमिकताओं में बुनियादी जरूरतें पीछे छूटती जा रही हैं?
तेजस और गरीब रथ का एसी खराब, यात्री बेहाल
भीषण गर्मी ने ट्रेनों के सफर को मुश्किल बना दिया है। तेजस एक्सप्रेस में एसी की खराबी की लगातार शिकायतें आई हैं। यात्रियों ने सफाई और सुविधाओं की कमी के बारे में भी बताया है। कई यात्रियों ने रिफंड की मांग की है और ट्रेन में पानी की व्यवस्था की भी आवश्यकता है। एक यात्री ने शिकायत की है कि वह गुरुवार को ८२५०१ तेजस एक्सप्रेस से लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे। पूरी ट्रेन में एसी ठीक से काम नहीं कर रही थी। यात्रियों को सुविधा नहीं मिली। इसका रिफंड मिलना चाहिए। वापसी में ८२५०२ तेजस एक्सप्रेस की यात्रियों ने शिकायत दर्ज की है।

 

अन्य समाचार