मुख्यपृष्ठनए समाचारस्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर एकाउंटेंट के साथ ८७ लाख...

स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर एकाउंटेंट के साथ ८७ लाख की धोखाधड़ी… शेयर बाजार विशेषज्ञ का चोला पहनकर साइबर अपराधी व्हॉट्सऐप ग्रुप पर लेते थे ऑनलाइन क्लास

सुरेश गोलानी / मुंबई

भायंदर में रहने वाले एक ६९ वर्षीय एकाउंटेंट से शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट पर ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर महज ४५ दिनों के भीतर ८७ लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। भायंदर पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर में घर से ही एकाउंटिंग का काम करने वाले शिकायतकर्ता ने अपने बयान में बताया कि उनको अपने व्हॉट्सऐप नंबर प्राप्त हुआ जिसमें शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने से संबंधित सही रणनीति और स्टडी मटीरीअल मुहैया कराने का उल्लेख किया गया था। गौरतलब है कि अपराधियों ने अपने आप को शेयर बाजार के विशेषज्ञ होने का दावा करते हुए व्हॉट्सऐप ग्रुप पर ऑनलाइन ट्यूटोरियल आयोजित किए और ट्रेडिंग टिप्स दिए, जिसके बाद उन्होंने शिकायतकर्ता को कई कंपनियों में निवेश करने और भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया और फिर शुरू हुआ पैसे ऐंठने का खेल। शिकायतकर्ता ने ठगों द्वारा दिए गए बैंक खातों में महज ४५ दिनों के भीतर कुल ८७ लाख १० हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। कहने को तो शिकायतकर्ता के ऐप में निवेश और मुनाफे की रक्कम २ करोड़ १० लाख ४८ हजार रुपये दिख रही थी पर निकासी के सारे प्रयत्न असफल साबित हुए। ग्रुप एडमिन से संपर्क करने पर शिकायतकर्ता पर निकासी के लिए १५ प्रतिशत टैक्स (३४ लाख १५ हजार रुपये) भरने का दबाव बनाया गया। ठगे जाने का एहसास होने पर शिकायतकर्ता ने साइबर सेल से संपर्क किया। शिकायत के आधार पर भायंदर पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट), २००० की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने प्रारंभिक जांच के दौरान लिंक, ऐप और संबंधित सर्वर की जांच के अलावा जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है।

अन्य समाचार