सामना संवाददाता / मुंबई
प्रतिष्ठित ‘देवर्षि नारद पत्रकारिता सम्मान 2026’ के विजेताओं की घोषणा 30 अप्रैल 2026 को विश्व संवाद केंद्र, मुंबई द्वारा की गई। सम्मान समिति के संयोजक डॉ. निशीथ के. भांडारकर ने इस वर्ष चयनित पत्रकारों के नामों की आधिकारिक घोषणा की।
इस वर्ष वरिष्ठ पत्रकार श्रेणी में राकेश त्रिवेदी (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ मिलिंद बल्लाळ (ठाणे वैभव), जितेंद्र दीक्षित (एनडीटीवी) और डॉ. मयूर परिख को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए चुना गया है।

इस वर्ष का जीवनगौरव सम्मान वरिष्ठ पत्रकार गणेश (भाऊ) तोरसेकर को प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सम्मान समिति के संयोजक डॉ. भांडारकर ने बताया कि ‘देवर्षि नारद पत्रकारिता सम्मान’ इस वर्ष अपने 26वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और यह आद्य पत्रकार देवर्षि नारद की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदान किया जाता है। इस सम्मान का उद्देश्य उन पत्रकारों और संस्थानों को पहचान देना है, जो राष्ट्रहित और समाजहित के संतुलन के साथ निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता कर रहे हैं।
यह सम्मान समारोह 9 मई को मुंबई में आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी।
तेजी से बदलते मीडिया परिदृश्य में, जहां विश्वसनीयता और निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठते रहते हैं, ऐसे में यह सम्मान पत्रकारिता के मूल मूल्यों को पुनर्स्थापित करने और उन्हें प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जाता है।
